रायपुर (खबरगली) विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदान करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के 1.90 करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए जरूरी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को प्रदेश की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। अब हर मतदाता को यह जांचना होगा कि सूची में उसका नाम दर्ज है या नहीं। नाम गायब होने, उम्र, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
12 नवंबर को जारी प्रारूप सूची में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता शामिल हैं। इनमें 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिलाएं और 412 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। यानी पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या 47 हजार से अधिक है। निर्वाचन आयोग ने सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी है। आम नागरिक भी इसे वोटर हेल्पलाइन ऐप और आधिकारिक वोटर पोर्टल पर मतदान केंद्रवार देख सकते हैं।
घर बैठे देख सकते हैं नाम
मतदाता घर बैठे मोबाइल से भी अपना नाम जांच सकते हैं। इसके लिए वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। जिन लोगों को ऑनलाइन सूची देखने में परेशानी हो, वे अपने मतदान केंद्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके भी जानकारी ली जा सकती है।
बाक्स
गलती सुधारने के लिए अलग-अलग फॉर्म
मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 भरना होगा। इसी फॉर्म से एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण, नया ईपीआईसी कार्ड बनवाने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन का आवेदन भी किया जा सकता है। किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा। वहीं, विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के नए पंजीयन के लिए फॉर्म-6 (क) निर्धारित है।
- Log in to post comments
