आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के लिए टीम इंडिया रवाना

Team india

नई दिल्ली (khabargali) आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के लिए टीम इंडिया आज इंग्लैंड रवाना हो गई। 30 मई से होने वाले इस वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम को बेहद मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वर्ल्ड कप 30 मई से 14 जुलाई तक चलेगा। कप्तान विराट कोहली ने साफतौर पर कहा कि विश्व कप में जो भी टीम दबाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी, वो कामयाब होगी। विराट ने कहा, ‘विश्व कप में सबसे जरूरी होता है कि आप दबाव को कैसे हैंडल करते हैं, ना कि कंडीशन्स को। हमारे सभी गेंदबाज फ्रेश हैं और कोई भी थका हुआ नजर नहीं आ रहा है।’ इसी महीने 12 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खत्म हुआ है। 23 मार्च से लेकर 12 अप्रैल तक लगातार क्रिकेट खेलने के बाद खिलाड़ियों की फिटनेस और थकान को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस की ओर से फाइनल मैच तक खेले और उनकी थकान क्रिकेट पंडितों और फैन्स के लिए चिंता का सबब बनी हुई थी। वर्ल्ड कप 2019 के लिए रवाना होने से पहले कप्तान विराट कोहली और रवि शास्त्री ने मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। शास्त्री ने साफ किया कि केदार जाधव पूरी तरह फिट हैं शास्त्री ने कहा, ‘जाधव पूरी तरह से फिट हैं और टीम के साथ जा रहे हैं।’ टीम के कोच शास्त्री ने धौनी का काफी अहम बताया है। शास्त्री ने कहा, ‘वो टीम के लिए काफी अहम हैं। एक पूर्व कप्तान होने के नाते वो कई तरह से टीम की मदद कर सकते हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर भी वो शानदार हैं। आप उनके रन आउट, स्टम्पिंग देख लीजिए। वो मैच में काफी अहम होते हैं। जो मैच का रिजल्ट बदल सकते हैं। आप आईपीएल में ही उन्हें देख लीजिए। उन्होंने किस तरह का प्रदर्शन किया।

भारत का पहला अभ्यास मैच न्यूजीलैंड से टीम इंडिया

बुधवार को ही इंग्लैंड पहुंच जाएगी। उसे वर्ल्ड कप का अपना पहला अभ्यास मैच 25 मई को ओवल में न्यूजीलैंड से खेलना है। इसके बाद टीम कार्डिक पहुंचेगी जहां 28 मई को उसका दूसरा अभ्यास मैच बांग्लादेश से होगा। भारत को वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करनी है।

सबसे चुनौतीपूर्ण विश्व कप : कोहली

टीम इंडिया की मंगलवार को मीडिया से चर्चा हुई, जिसमें कप्तान विराट कोहली ने इस वर्ल्ड कप को सबसे चुनौतीपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा कि इस वर्ल्ड कप में कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती हैं। हर टीम को सभी विपक्षी टीमों से मैच खेलना है, इसलिए हर मैच महत्वपूर्ण होगा और टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इंग्लैंड की पिचों पर खूब रन बनेंगे इसके चलते गेंदबाजों की जिम्मेदारी बढ़ जाएगी।

Category

Other News