असम का करीमगंज बन गया अब ‘श्रीभूमि’

Karimganj of Assam has now become 'Sribhumi', Chief Minister Dr. Himanta Biswa Sarma, Khabargali

गुवाहाटी (खबरगली) मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में बराक घाटी के करीमगंज जिले का नाम बदलने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। इस जिले को अब श्रीभूमि के नाम से जाना जाएगा। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर बताया कि 100 साल पहले कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर ने असम में आधुनिक करीमगंज जिले को ‘श्रीभूमि’ मां लक्ष्मी की भूमि के रूप में वर्णित किया था। आज असम कैबिनेट ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा कर दिया है।

ये फैसले भी लिए गए

असम कैबिनेट ने आज असम निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अपनी सहमति दे दी है। असम कैबिनेट ने आज 30 दिसंबर से पहले पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची प्रकाशित करने का फैसला किया है। अगर 30 दिसंबर तक मतदाता सूची प्रकाशित हो जाती है, तो सरकार 10 फरवरी, 2025 तक पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं। पंचायत चुनाव की तारीख जनवरी, 2025 के पहले सप्ताह के भीतर घोषित की जाएगी।