गरियाबंद (खबरगली) गरियाबंद जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया। हैकर द्वारा उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, साइबर ठग सबसे पहले लोगों को “एक छोटी सी हेल्प चाहिए” जैसे संदेश भेजकर बातचीत शुरू कर रहा है। इसके बाद वह भरोसा जीतने के बाद एक QR कोड भेजकर करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने की मांग कर रहा है। इस तरह ठग अनिल चंद्राकर की पहचान का उपयोग कर लोगों को आर्थिक रूप से ठगने का प्रयास कर रहा है।
मामले के सामने आने के बाद अनिल चंद्राकर ने आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदेश, कॉल, QR कोड, लिंक, OTP या बैंक संबंधी जानकारी को साझा न किया जाए और न ही किसी प्रकार का लेन-देन किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह साइबर अपराधियों की हरकत है, जो उनकी पहचान का गलत उपयोग कर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं।
- Log in to post comments