भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी सावित्री मंडावी...घोषणा बाकी

Bhanupratappur assembly seat, Congress candidate, Savitri Mandavi, announcement pending, by-election, Chhattisgarh, Khabargali

सावित्री के शिक्षिका पद से इस्तीफे से साफ़ हुई तस्वीर..जानें क्यों महत्वपूर्ण है यह उपचुनाव

रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मनोज मंडावी के निधन से रिक्त हुई बस्तर संभाग के कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को होने वाले उपचुनाव में दिवंगत मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी, इसका स्पष्ट संकेत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद आज उनके द्वारा शिक्षक की नौकरी से इस्तीफा देने के साथ मिल गया है। दिवंगत विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी ने शासकीय सेवा से त्यागपत्र दे दिया है। इसके साथ ही यह तय माना जा रहा है कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी को उम्मीदवारी सौंपने का फैसला कर लिया है। सिर्फ ऐलान की औपचारिकता बाकी है। श्रीमती सावित्री मंडावी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्य कर रही थीं। हाल ही यह चर्चा तेज गति से चल रही है , अब यह सुनिश्चित समझा जा रहा है कि श्रीमती सावित्री मंडावी ही भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस की ध्वजवाहक होंगी।

इसलिए यह उपचुनाव महत्वपूर्ण

 हालांकि चुनाव आयोग की वैधानिक जरूरतों के अनुसार किये जा रहे इस चुनाव में चयनित विधायक का कार्यकाल बेहद कम दिनों का होगा , उसमें भी मुख्य विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद लगने वाली आचार संहिता के कारण उन्हें अपने विधानसभा में अधिकारों सहित काम करने केवल कुछ महीने ही मिलेंगे किन्तु संभव है कि पार्टियां उसी चयनित विधायक को अगले विधानसभा के लिये भी उम्मीदवार बनाएं, इस लिहाज से यह उपचुनाव भी महत्वपूर्ण है।

2018 में ये था परिणाम

उपचुनाव के मद्देनजर यदि 2018 के भानुप्रतापपुर सीट के चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिंह मंडावी को 72,520 वोट मिले थे। भाजपा के देवलाल दुग्गा दूसरे नंबर पर थे, उन्हें 45,827 मत प्राप्त हुए थे। चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार खड़ा किया था, आप प्रत्याशी कोमल हुपेंडी को 9634 वोट मिले थे। हुपेंडी तीसरे स्थान पर रहे। साथ ही जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रत्याशी मानक दरपट्टी को 9611 मत प्राप्त हुए थे। यानि भानुप्रतापपुर में आप ने जोगी कांग्रेस से बेहतर प्रदर्शन किया था।

चुनाव आयोग के अनुसार

 256 मूल मतदान केंद्र हैं , जिनमे से 17 शहरी क्षेत्र में एवं 239 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित हैं। कुल 243 पोलिंग स्टेशन लोकेशन हैं ,जिनमे से 15 शहरी क्षेत्र में एवं 228 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित हैं । विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 5 संगवारी मतदान केंद्र होंगे, जो महिला मतदान दलों द्वारा संचालित होगा, 5 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे। भानुप्रतापपुर विधानसभा की सीट अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिला उत्तर बस्तर कांकेर, जिसके अंतर्गत भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र आता है , में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के लिए स्टार प्रचारकों की संख्या 40 होगी, जबकि गैर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के लिए यह संख्या 20 होगी। स्टार प्रचारकों की सूची निर्वाचन की अधिसूचना प्रकाशन के सात दिवस के भीतर देनी होगी। रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक रैली और जनसंपर्क पर प्रतिबंध होगा। सभी तरह की सभाएं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा पूर्व से चिन्हांकित स्थान पर ही किया जा सकेगा एवं सभाओं में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइंस का पालन करना अनिवार्य होगा।

अधिसूचना का प्रकाशन - 10 नवंबर 2022 (गुरुवार) नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि - 17 नवंबर 2022 (गुरुवार) नामांकन पत्रों की संवीक्षा - 18 नवंबर 2022 (शुक्रवार) नाम वापसी की तिथि - 21 नवंबर 2022 (सोमवार) मतदान की तिथि - 05 दिसंबर 2022 (सोमवार) मतगणना की तिथि - 08 दिसंबर 2022 (गुरुवार) तिथि जिसके पूर्व निर्वाचन संपन्न होगा - 10 दिसंबर 2022 (शनिवार)

Category

Related Articles