छत्तीसगढ़ के बेटे ने KBC में जीते 50 लाख, जानें हॉट सीट तक पहुंचने की कहानी

 Son of Chhattisgarh wins ₹50 lakh on KBC; read the story of his journey to the hot seat. raipur chhattisgarh hindi news khabargali

रायपुर (खबरगली)  बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम टेहका निवासी 23 वर्षीय योगेश साहू ने टीवी के चर्चित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचे योगेश ने 50 लाख रुपए की बड़ी रकम जीत ली। हालांकि, इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपए का सवाल आया, लेकिन उन्होंने जोखिम लेने के बजाय गेम क्विट करने का फैसला किया और 50 लाख रुपए लेकर शो से बाहर हो गए।

योगेश की कहानी सिर्फ KBC में उनकी जीत तक सीमित नहीं है। आर्थिक चुनौतियों के बीच पढ़ाई पूरी कर उन्होंने IIT बॉम्बे में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और संस्थान में टॉपर भी रहे। खास बात यह है कि उन्हें IIT बॉम्बे में दाखिला पहले ही प्रयास में मिला था। अब योगेश का लक्ष्य IAS अधिकारी बनना है और इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कैंपस प्लेसमेंट में मिली करीब 1.5 लाख रुपए प्रतिमाह की नौकरी तक छोड़ दी।

KBC की हॉट सीट तक पहुंचने की कहानी

अमिताभ बच्चन के शो KBC 18 के लेटेस्ट एपिसोड में योगेश साहू हॉट सीट पर पहुंचे। शो के दौरान उनकी पढ़ाई, संघर्ष और भविष्य के लक्ष्य को लेकर भी चर्चा हुई। उनकी उपलब्धियों के बारे में जानकर अमिताभ बच्चन भी प्रभावित नजर आए। योगेश ने बताया कि आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और IIT बॉम्बे जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में जगह बनाई। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और कैंपस प्लेसमेंट में उन्हें 1.5 लाख रुपए महीने की नौकरी मिली। इसके बावजूद उन्होंने नौकरी करने के बजाय सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को प्राथमिकता दी।

50 लाख के सवाल ने बढ़ाई मुश्किल

KBC में योगेश के सामने 50 लाख रुपए का सवाल आया। इसमें उन्हें एक टेबल में दिए गए शहरों और वर्षों के आधार पर सवालिया निशान की जगह सही शहर चुनना था।

टेबल में लिखा था- कोलकाता-1913, ?-1930, स्कोप्जे-1979, शांतिनिकेतन-1998 और विदिशा-2014।
इस सवाल के विकल्प थे- त्रिशूर, मैसूर, अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली।
सवाल मुश्किल था और योगेश ने इस पड़ाव पर अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया।

हिंट से समझ आया सही जवाब

लाइफलाइन के दौरान उन्हें संकेत मिला कि सही जवाब तमिलनाडु में स्थित एक शहर है। इसके बाद योगेश ने सवाल में दिए गए वर्षों और शहरों के बीच संबंध को समझने की कोशिश की। उन्होंने पहचान लिया कि दिए गए वर्ष नोबेल पुरस्कार से जुड़े हैं और संबंधित शहर नोबेल पुरस्कार विजेताओं के जन्मस्थान हैं। इसके बाद उन्होंने तिरुचिरापल्ली को अपना जवाब चुना। उनका जवाब सही निकला और योगेश ने 50 लाख रुपए जीत लिए। तिरुचिरापल्ली सीवी रमन का जन्मस्थान है।

Category