छत्तीसगढ़ में जल्द खुलेगा पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान, सरकार ने दी मंजूरी

छत्तीसगढ़ में जल्द खुलेगा पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान, सरकार ने दी मंजूरी खबरगली The first National Skill Training Institute will soon open in Chhattisgarh, the government has given its approval. raipur chhattisgarh hindi news big news khabargali

रायपुर (खबरगली)  छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आज एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में जल्द ही पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (NSTI) स्थापित किया जाएगा। यह संस्थान राजधानी रायपुर में 10 एकड़ भूमि पर खुलेगा और इसके लिए केंद्र सरकार ने स्थापना प्रक्रिया की औपचारिक पुष्टि कर दी है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने लोकसभा में इस विषय को लेकर प्रश्न उठाया था, जिसके जवाब में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि रायपुर में एनएसटीआई की स्थापना को मंजूरी दी जा चुकी है। यह कदम राज्य में कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम-सेतु योजना के तहत देशभर के आईटीआई और एनएसटीआई को आधुनिक बनाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक पाठ्यक्रम, उन्नत तकनीक और उद्योगों की सक्रिय सहभागिता से जोड़ा जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। रायपुर में प्रस्तावित एनएसटीआई में इलेक्ट्रॉनिक्स, सौर ऊर्जा, आधुनिक तकनीकी ट्रेड और उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण पर विशेष फोकस रहेगा। इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, स्थानीय उद्योगों को भी प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह संस्थान केवल प्रशिक्षण का केंद्र नहीं होगा, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक बनाने की दिशा में एक मजबूत प्लेटफॉर्म साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है—“हर युवा हो कुशल, आत्मनिर्भर और रोजगारपरक।” उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर में एनएसटीआई की स्थापना से न केवल राजधानी बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को लाभ मिलेगा। इससे राज्य में औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी और “कौशल भारत” के लक्ष्य को साकार करने में छत्तीसगढ़ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Category