रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन राहत के बजाय ठंड का असर एक बार फिर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुरुवार से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर (Cold Wave) चल सकती है। अगले दो दिनों तक सरगुजा संभाग और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के औसत तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया जाएगा।
बीते 24 घंटे में ऐसा रहा प्रदेश का तापमान
पिछले दिन छत्तीसगढ़ में तापमान का अंतर साफ देखने को मिला।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में हल्की धुंध का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 15 जनवरी को रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद इसमें 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है।
- Log in to post comments