मुंबई (खबरगली) टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर निर्माता, निर्देशक और अभिनेता बृजेंद्र पाल सिंह, जिन्हें बीपी सिंह के नाम से जाना जाता था, का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लोकप्रिय टीवी शो ‘CID’ और हॉरर सीरीज ‘आहट’ के जरिए घर-घर में पहचान बना चुके थे। उनके निधन की खबर से टीवी जगत में शोक की लहर है।
नींद में हुआ निधन अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित
मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात नींद के दौरान बीपी सिंह का निधन हो गया। उन्हें मुंबई के सांताक्रूज स्थित सूर्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह उम्र संबंधी समस्याओं के चलते लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
दयानंद शेट्टी ने की निधन की पुष्टि
‘CID’ में दया का किरदार निभाने वाले अभिनेता दयानंद शेट्टी ने बीपी सिंह के निधन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह खबर पूरी ‘CID’ टीम के लिए बड़ा झटका है। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को टीवी इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति बताया। उनके निधन पर FTII समुदाय ने भी शोक व्यक्त किया। बीपी सिंह FTII के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे।
CID और आहट से बनाई खास पहचान
बीपी सिंह ने भारतीय टेलीविजन पर क्राइम शो को एक अलग पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके निर्देशन और प्रस्तुति ने ‘CID’ को दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया। इस शो में उन्होंने DCP शमशेर सिंह चित्रोले का किरदार भी निभाया था।
CID’ के अलावा वह लोकप्रिय हॉरर सीरीज ‘आहट’ के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने ‘रात होने को है’, ‘गुटर गू’, ‘दिव्य दृष्टि’, ‘अदालत’ और ‘सुपरकॉप्स वर्सेज सुपर विलेन’ जैसे टीवी प्रोजेक्ट्स में भी योगदान दिया। फिल्म ‘एजेंट विनोद’ में उन्होंने रॉ चीफ की भूमिका निभाई थी। वहीं, वे वेब सीरीज ‘अभय’ के निर्माता भी रहे।
28 अक्टूबर को होगा अंतिम संस्कार
मीडया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीपी सिंह का अंतिम संस्कार 28 अक्टूबर को किया जाएगा। उनके निधन से टीवी जगत ने एक ऐसे कलाकार और निर्माता को खो दिया है, जिन्होंने अपने काम से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई। उनके लोकप्रिय शो और यादगार किरदार लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बने रहेंगे।
- Log in to post comments
