अभनपुर (खबरगली) अभनपुर क्षेत्र स्थित मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई जी महाराज को व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की गंभीर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने थाना अभनपुर में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और स्वयं व अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. प्रेमासाई महाराज धर्म, समाज, लव जिहाद, धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर लगातार मंचों के माध्यम से प्रवचन देते रहे हैं। उनके द्वारा समय-समय पर हिंदू एकता शोभायात्रा, हिंदू जगाओ शोभायात्रा एवं दिव्य दरबार जैसे बड़े आयोजनों का भी आयोजन किया जाता है, जिनमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 10 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे, जब वे अपने परिवार के साथ केरल में निजी यात्रा पर थे, उसी दौरान उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगातार अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने न केवल उन्हें बल्कि उनके पूरे परिवार को खत्म करने की भी धमकी दी।
बताया जा रहा है कि संबंधित मोबाइल नंबर की जांच करने पर वह जम्मू-कश्मीर क्षेत्र का प्रतीत हो रहा है और ट्रूकॉलर पर हिलाल बानी नाम प्रदर्शित हो रहा है। पीड़ित ने यह भी बताया कि पूर्व में भी उन्हें प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिलती रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
डॉ. प्रेमासाई महाराज ने अपने आवेदन में कहा है कि इस प्रकार की धमकियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते कार्रवाई आवश्यक है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा उन्हें, उनके परिवार और धाम से जुड़े श्रद्धालुओं को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
पूर्व में भी मिल चुकी हैं धमकियां
पीड़ित के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी उन्हें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिलती रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई थी।
- Log in to post comments