कौशांबी (खबरगली) उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार को पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। कौशांबी-प्रयागराज सीमा पर मनौरी बाजार के पास संचालित पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लग गई, जिसके बाद लगातार तेज धमाके होने लगे। विस्फोट इतने जोरदार थे कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन, दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आग लगने के बाद होने लगे एक के बाद एक धमाके
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पटाखा फैक्टरी आबादी से कुछ दूरी पर एक मकान में संचालित हो रही थी। हादसे के समय फैक्टरी के अंदर कई लोगों के मौजूद होने की बात सामने आई है। अचानक मकान से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्टरी में रखे पटाखों में आग लगने के बाद एक के बाद एक जोरदार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
तेज धमाकों के कारण दहशत
तेज धमाकों के कारण आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के कुछ मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। आग और लगातार हो रहे धमाकों के कारण शुरुआती दौर में राहत दलों को घटनास्थल के अंदर पहुंचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल और एंबुलेंस
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इसके साथ ही छह से आठ एंबुलेंस को तत्काल मौके पर भेजा गया, ताकि घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है और आसपास के इलाके को सुरक्षित करने के साथ ही राहत-बचाव कार्य जारी है।
डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
कौशांबी के जिलाधिकारी विपिन पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। डीएम के मुताबिक प्रशासन को करीब 10:40 बजे पटाखा फैक्टरी में विस्फोट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल और अन्य राहत दलों को मौके पर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। रेस्क्यू के दौरान जो भी व्यक्ति मलबे से मिल रहा है, उसे तत्काल अस्पताल भेजा जा रहा है।
तीन की मौत पांच घायल
प्रशासन की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या प्रारंभिक है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए नुकसान और हताहतों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
मलबे में लोगों की तलाश जारी
फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद भवन का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को लगातार तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दमकलकर्मी और अन्य राहत दल सावधानी के साथ मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। विस्फोट के कारण घटनास्थल पर स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।
प्रयागराज और कौशांबी के अधिकारी मौके पर
हादसे के बाद कौशांबी और प्रयागराज दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। कौशांबी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी राहत-बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों और फैक्टरी में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाने में भी लगी हैं।
- Log in to post comments
