रायपुर (खबरगली) रायपुर में पूर्व महापौर एजाज ढेबर को विदेशी नंबर से फोन कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग से जुड़ा बताया। धमकी भरा फोन आने के बाद एजाज ढेबर खुद कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विदेशी नंबर से कॉल आने के कारण साइबर टीम भी मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है।
विदेशी नंबर से आया कॉल, 50 करोड़ की मांग
पुलिस के मुताबिक एजाज ढेबर के निजी मोबाइल नंबर पर विदेशी नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर धमकी देते हुए 50 करोड़ रुपये की मांग की और खुद को कुख्यात आपराधिक गिरोहों से जुड़ा बताया। फोन के बाद एजाज ढेबर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब कॉल करने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है।
साइबर टीम खंगाल रही कॉल की पूरी कुंडली
विदेशी नंबर सामने आने के बाद पुलिस की साइबर टीम ने जांच तेज कर दी है। कॉल किस स्थान से किया गया, नंबर का इस्तेमाल कौन कर रहा था और कॉल के लिए किस तकनीक का इस्तेमाल हुआ, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस कॉल के समय, बातचीत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कॉल वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े व्यक्ति ने किया था या फिर गैंग का नाम लेकर डर पैदा करने और फिरौती वसूलने की कोशिश की गई।
अमन साव के नाम से भी जुड़ा पुराना कनेक्शन खंगाला जा रहा
कॉल में अमन साव गैंग का नाम लिए जाने के बाद पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है। अमन साव के रायपुर जेल में रहने के दौरान एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर के भी उसी जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में अमन साव या लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
- Log in to post comments
