देखें तश्वीरों में बच्चों द्वारा बनाई गईं ड्रॉइंग, पेंटिंग और रंगोली की आकर्षक प्रस्तुतियां
रायपुर (खबरगली ) राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री सिद्धि विनायक शिव हनुमान साईं मंदिर में लगातार 20वें वर्ष नवरात्रि का पावन उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मां दुर्गा की आराधना, भव्य पूजा-अर्चना, जागरण और रंग-बिरंगे गरबा कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। इस आयोजन में गायत्री नगर सहित आसपास की कॉलोनियों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मंदिर परिसर में नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन भव्य पूजन और आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं भंडारे का वितरण हुआ। इसके पश्चात आकर्षक सांस्कृतिक और भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और भक्तों ने हिस्सा लिया। नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर होकर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने गरबा की धुन पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

बच्चों की ड्रॉइंग, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता ने मोहा मन
नवरात्रि उत्सव के अंतर्गत रविवार को बच्चों के लिए ड्रॉइंग, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें नन्हे कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने मां दुर्गा, भगवान श्रीकृष्ण, भगवान शिव और भगवान गणेश की आकर्षक कलाकृतियां बनाईं। रंगों और कल्पनाओं से सजी इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को प्रदर्शित भी किया गया, जिससे उनकी प्रतिभा को देखने और सराहने का अवसर मिला।
धार्मिक आयोजन के साथ बच्चों को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच
श्री सिद्धि विनायक शिव हनुमान साईं मंदिर में आयोजित यह नवरात्रि उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी बना। लगातार 20 वर्षों से आयोजित हो रहे इस उत्सव में स्थानीय लोगों की भागीदारी क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक एकजुटता को दर्शाती है। मंदिर में पूजा-अर्चना, भजन-जागरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गरबा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने नवरात्रि पर्व को उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया।
देखें बच्चों की ड्रॉइंग, पेंटिंग और रंगोली की आकर्षक प्रस्तुतियां
गायत्री नगर के श्री सिद्धि विनायक शिव हनुमान साईं मंदिर में आयोजित नवरात्रि उत्सव के दौरान बच्चों की बनाई गई सुंदर कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की तस्वीरों से सजी इन प्रस्तुतियों में बच्चों की कल्पनाशीलता और कला के प्रति रुचि साफ दिखाई दी।

- Log in to post comments
