आयोजन में दिवंगत गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी गई
रायपुर (खबरगली ) राजधानी के शहीद स्मारक भवन में ‘मृदंग: नाद संगीत का’ संस्था की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य संगीतोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आज के डिजिटल और कैराओके (ट्रैक) संगीत के दौर में मृदंग ग्रुप ने ‘शुद्ध लाइव संगीत’ पेश कर एक नई मिसाल कायम की। भिलाई से आए 8 दिग्गज म्यूजिशियन की टीम ने जब वाद्य यंत्रों की धुन छेड़ी, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कलाकारों के जादू से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
मृदंग की इस शाम में गायक रविन्द्र दत्ता, अनुराग ठाकुर, मुकेश फतनानी, प्राची बाजपेयी, शालू, राहुल लखानी, गजेन्द्र वर्मा और विनय वर्मा ने अपनी सुरीली आवाज़ से दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम का शानदार संचालन रविंदर सिंग दत्ता और आशीष सिंह ठाकुर ने किया।
लाइव बैंड की शानदार जुगलबंदी
भिलाई के 8 कुशल संगीतकारों की टोली ने अपनी कला से हर किसी को दंग कर दिया। इस लाइव बैंड में शामिल थे: संचालक: यश यदु आर्गन: रतन बारिक लीड गिटार: आशुतोष बेस गिटार: सत्येन्द्र कुमार पैड: मनोज नायक व दीपशिखर सेक्सोफोन: अनिल खेमे ढोलक: हुपेन्द्र साहू
आशा जी को भावभीनी श्रद्धांजलि
संगीतमय शाम का समापन एक भावुक क्षण के साथ हुआ, जब दिवंगत आशा जी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पूरे सदन ने 2 मिनट का मौन रखकर संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।
गरिमामयी अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने दीप प्रज्वलन कर किया। उनके साथ वैदिक न्यूज की मेनेजिंग डायरेक्टर स्टार वैदिक वेलफेयर फाउण्डेशन की चेयरमैन सैय्यद सलमा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शंकराचार्य महाविद्यालय (SSIPMT) के चेयरमैन निशांत त्रिपाठी , प्रो. डी.के. इंटरप्राइजेस के श्री दीपेश कृपाल एवं जोन अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल उपस्थित रहे। साथ ही गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. मनोज शर्मा (प्रिंसिपल, SSIPS), संतोष नायक (महालक्ष्मी एसोसिएट्स), प्रितेश साहू (कांति कंस्ट्रक्शन), राकेश सिंह ठाकुर (महामंत्री भाजपा, लाखे नगर मंडल) एवं समाज सेवी धीरज बावनकर ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं और लाइव संगीत को बढ़ावा देने के लिए मृदंग ग्रुप के प्रयास को अनुकरणीय बताया।
आयोजन की सफलता पर ग्रुप के संरक्षक श्री ईशांत सोनी, प्रेरणास्रोत श्री मनोज चक्रधारी, संयोजिका हिना कोशलेय और संचालक अनुराग सिंह ठाकुर ने रायपुर की जनता, प्रायोजकों, विशेष सहयोगी श्री राजेश सोनी और मीडिया पार्टनर ‘युवा चौपाल न्यूज़’ का आभार व्यक्त किया।
- Log in to post comments