रायपुर (खबरगली) राजधानी रायपुर के व्यस्ततम बाजारों में से एक सदर बाजार स्थित सहेली ज्वेलर्स में लाखों रुपए के गहनों की चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना ने व्यापारियों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। दुकान प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस चोरी की वारदात में दुकान में काम करने वाला ही एक कर्मचारी शामिल है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आर्यन शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दुकान से 2 डायमंड ज्वेलरी और 1 सोने का टॉप्स चुराकर फरार हो गया, जिसकी कुल कीमत करीब 6.50 लाख रुपए आंकी गई है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान में नियमित रूप से किए जाने वाले स्टॉक मिलान के दौरान गहनों की कमी सामने आई। शुरुआत में संदेह होने पर दुकान प्रबंधन ने आंतरिक जांच की, जिसके बाद चोरी की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का मोबाइल फोन फिलहाल बंद है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई आ रही है। हालांकि, पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
- Log in to post comments