रायपुर (khabargali) तमाम एग्जिट पोल को पछाड़ते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी के चुनावी सर्वे इस बार सबसे सटीक साबित हुआ है। सोसायटी ने पहली बार चुनाव परिणाम आने से पहले अपने सदस्यों की मदद से इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर एग्जिट पोल जारी किया था। इसमें दावा किया था की तीन दिसंबर को भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा। उनकी पार्टी की 55 से 56 सीट आएंगी। हुआ भी वही। भाजपा को 54 सीटें मिली, जबकि कांग्रेस को 35 और गोड़वाना गणतंत्र पार्टी को एक सीटें मिली। सर्वे का यह आंकड़ा परिणाम के काफी करीब रहा। सिविल सोसाइटी का एग्जिट पोल सटीक होने के बाद देशभर से बधाइयां मिल रही है। सदस्यों में उत्साह भी है।
यह एग्जिट पोल 30 नवंबर को छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी के संयोजक डा. कुलदीप सोलंकी ने अपने ट्विटर अब एक्स हैंडल पर रिलीज किया था। डा. सोलंकी ने बताया कि उस समय काफी मिली जुली प्रतिक्रियाएं आई मगर सिविल सोसाइटी ने 90 सीटों का सीटवार संभावित परिणाम भी जारी किया। विश्लेषण के मुख्य बिंदु कवर्धा, साजा और चित्रकोट में भाजपा की एकतरफा जीत की संभावना प्रकट की थी। यह भी सही साबित हुई।
उन्हाेंने बताया कि प्रसिद्ध समाजसेवी डा. रतन शारदा समेत कईयों ने बधाई देते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ की एक छोटी सी सिविल सोसाइटी ने जो काम किया वह बड़े-बड़े मीडिया हाउस नहीं कर पाए। शुरू में तो मुझे सिविल सोसाइटी के आकलन पर विश्वास नहीं था। उन्होंने इसकी प्रशंसा की। वरिष्ठ संपादक जेवीसी श्रीराम ने भी सिविल सोसाइटी के आकलन की प्रशंसा की और तारीफ में लिखा है सात दिनों तक छत्तीसगढ़ में घूमने के बावजूद वह इतना अच्छा आकलन नहीं कर पाए थे जितना सटीक एग्जिट पोल छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी ने दिया है।
गौरतलब है कि ज्यादातर एग्जिट पोल ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को भाजपा से कड़ी टक्कर मिलने के संकेत दिए थे, कुछ ने राज्य में कांग्रेस को 40-55 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। जबकि भाजपा को 36 से 46 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। हालांकि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भी 48 से 55 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, वहीं भाजपा की अंदरूनी सर्वे में उन्हें 48 सीट मिल रही थी।
- Log in to post comments