राजगढ़ (खबरगली) मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एबी रोड बायपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। शुक्रवार देर शाम रेस्टहाउस रोड के जोड़ पर हुई इस दुर्घटना में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक युवक और उसकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद भीड़ ने पुलिस पर आरोपी वाहन को नहीं पकड़ने के आरोप में चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस अफसरों ने भीड़ को किसी तरह से जाम खुलवाया। तब कहीं जाकर करीब 45 मिनट बाद हाइवे पर यातायात बहाल हो सका।
भीषण हादसे में मां-बेटे की मौके पर मौत
देहात थाना पुलिस के अनुसार, मोया में रहने वाले 22 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र रामलाल वर्मा अपनी भाभी 26 वर्षीय पवित्रा पत्नी अनिल वर्मा और एक साथ के भतीजे कान्हा वर्मा और 4 वर्षीय बच्ची टुकटुक के साथ बाइक से राजगढ़ बायपास चौराहे से एबी रोड बायपास की तरफ जा रहा था। तभी शाम करीब 6.45 बजे करीब पीछे से आ रहा ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार गाड़ी समेत गिर गए। ट्रक पवित्रा और उसकी गोद में बैठा कान्हा को रौंदता हुआ ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मृतका का बाइक चालक देवर अनिल और 4 साल की बच्ची घायल हो गए।
- Log in to post comments