आज 12 लाख दीयों से जगमगाएगी अयोध्या, बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Ramnagari Ayodhya, Lord Ram, Ram ki Paidi, Yogi Sarkar, Deepotsav program, Chief Minister Yogi Adityanath, Ramlila staged, 3D holographic performance, laser show, fireworks, world record, Khabargali

अयोध्‍या (khabargali) रामनगरी अयोध्‍या में एक बार फिर रिकॉर्ड बनने जा रहा है। दरअसल लंका विजय और वनवास समाप्ति के बाद भगवान राम के अयोध्‍या वापस लौटने की खुशी के दीपोत्‍सव में बुधवार को रामनगरी 12 लाख दीयों से जगमगाएगी। इन 12 लाख दीये में नौ लाख सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में जलाए जाएंगे। वहीं 3 लाख दीये अयोध्या के मठ मंदिरों में जलाए जाएंगे। ये सभी दीये शाम 6 बजे से जलाए जाएंगे। 12 लाख दीये के साथ ही योगी सरकार अयोध्या में दीये जलाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ देगी। राम की पैड़ी पर आयोजित इस भव्‍य दीपोत्‍सव कार्यक्रम में 36 हजार लीटर तेल का इस्‍तेमाल होगा। 12 हजार वॉलिंटियर आज एक नया वर्ल्‍ड रिकार्ड बनाएंगे जिसे दुनिया के कोने-कोने से लोग देखेंगे।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सूबे की सत्‍ता संभालने के बाद पहले साल में ही यानी 2017 में ही दीपोत्‍सव कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उस साल करीब 1.80 लाख दीये जलाए गए थे। 2018 में दीयों की संख्‍या बढ़कर 3,01,152 हो गई। इसी तरह 2019 में भी संख्‍या बढ़ी। इस बार 5.50 लाख दीये जलाए गए। 2020 में 5.51 लाख दीये जले और इस साल 12 लाख दीयों से पूराने सारे रिकार्ड तोड़े जाने हैं। इसके साथ ही योगी सरकार एक नया कीर्तिमान भी बनाएगी।

इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी शामिल होंगे। इस दौरान सीएम योगी सरयू आरती भी करेंगे। सोमवार से शुरू हो कर पांच दिनों तक चलने वाले समारोह के दौरान रामलीलाओं का मंचन, थ्री डी होलोग्राफिक प्रदर्शन, लेजर शो और आतिशबाजी भी होगी। सोमवार से रामलीलाओं का मंचन किया जा रहा है। इसके अलावा थ्री डी होलोग्राफिक और लेजर शो और आतिशबाजी भी की जाएगी। अयोध्या में रामलीला का मंचन करने के लिए श्रीलंका से एक सांस्कृतिक टीम को बुलाया गया है। नेपाल के जनकपुर से आई टीम सोमवार को रामलीला का मंचन करेगी, जबकि जम्मू-कश्मीर, गुजरात, असम, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल से आई टीमें पांच दिनों तक चलने वाले समारोह के दौरान इसका मंचन करेंगी।