रायपुर (खबरगली) प्रदेश में नगर पालिका एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव दिसम्बर में होने है। इसे लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसे लेकर गुरुवार को निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक ली। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को निर्वाचन से संबंधित समस्त तैयारियों को समन्वित रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू निर्वाचन करना है इसलिए निर्वाचन संबधी समस्त अपेक्षित कार्रवाई समय सीमा में पूरी की जाए।
आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक पंचायत चुनाव में सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया एवं कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा 126 पंच पदों का आम निर्वाचन प्रस्तावित हैं तथा जनपद पंचायत सदस्य का 1 रिक्त पद, सरपंच के 92 रिक्त पदों, पंच के 721 पदों के लिए उप चुनाव कराए जाएंगे। इसी प्रकार नगरीय निकाय में नवगठित 2 नगर पंचायत तमनार, जिला रायगढ़ व नगर पंचायत बड़ी करेली, जिला धमतरी के साथ- साथ नगरपालिक निगम भिलाई, भिलाई चरोदा, रिसाली और बिरगांव सहित ऐसे 15 नगरीय निकाय जिसमें आम चुनाव होगा।
इसके साथ ही एक अध्यक्ष पद (नगर पंचायत, बिलाईगढ़) एवं अलग-अलग निकायों के 6 वार्ड पार्षद का उप चुनाव होगा। बता दें कि आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के निर्वाचन के संबंध में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है, निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवम्बर 2026 को किया जाएगा।
- Log in to post comments
