भिलाई (खबरगली) वैशाली नगर क्षेत्र की 21 वर्षीय अनामिका उपाध्याय को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाली रील सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना के बाद भिलाई में तनाव का माहौल बन गया और अंबेडकरवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में अंबेडकरवादी कार्यकर्ता भिलाई नगर थाना पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने इस टिप्पणी को समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी युवती पर कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का आक्रोश
जानकारी के मुताबिक वैशाली नगर की रहने वाली अनामिका उपाध्याय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बाबा साहब के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। पोस्ट के सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई।
थाने के अंदर घुसकर नारेबाजी
समाज के खिलाफ लगातार की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोग भिलाई नगर थाने पहुंचे। समाज के लोगों का आरोप है कि युवती सोशल मीडिया पर लगातार एक समाज को निशाना बनाकर वीडियो बना रही है।
उसने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे लोगों में आक्रोश है। कार्रवाई की मांग को लेकर महिलाएं थाने के अंदर पहुंच गईं और नारेबाजी करने लगीं।
- Log in to post comments