नहाते समय पिता-पुत्र व दो सगे भाइयों की डबने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Father son  and two brothers drown while bathing; family left devastated by the tragedy hindi news latest news khabargali

विश्रामपुर (खबरगली) सूरजपुर जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत सरस्वतीपुर के ढोंगट घाट स्थित रेण नदी में शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में बिहार के कटिहार निवासी दो सगे भाई भी शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब10.30 बजे सूरजपुर के चंदरपुर ढूंढरा निवासी विवेक सिंह (45) अपने पुत्र अभिजीत सिंह (20) और बिहार के कटिहार से मेहमानी करने आए दो सगे भाई कृष्ण गोपाल (15) और गोपाल कृष्ण (13) के साथ दो स्कूटी से ढोंगट घाट पहुंचे थे। यहां चारों नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत सरस्वतीपुर निवासी मनीष सिंह, कमल सिंह तथा गणेश सिंह ने नदी में डूबे लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया। लेकिन इस दर्दनाक हादसे में चारों लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे से पहले चारों सूरजपुर स्थित महामाया मंदिर भी गए थे। घटना की सूचना मिलते ही बिश्रामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शवों को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्राामपुर भेजा। घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में विवेक सिंह और उनके पुत्र अभिजीत सिंह की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विवेक सिंह पिछले 12 वर्षों से चंदरपुर में अपनी पत्नी नेहा सिंह और बच्चों के साथ रह रहे थे। वे अडानी समूह में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। पिता और पुत्र की एक साथ असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। अभिजीत इकलौती संतान था।

भाइयों के पिता सेना में कार्यरत

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों सगे भाइयों कृष्ण गोपाल और गोपाल कृष्ण के पिता जितेंद्र सिंह सेना में कार्यरत बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों का शनिवार को ही बिहार के कटिहार लौटने के लिए टिकट बुक था। घर वापसी की तैयारी के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। इन दोनों के अलावा जितेंद्र सिंह की और कोई संतान नहीं है।

Category