छत्तीसगढ़ के 156 पदक विजेता चुने गए उत्कृष्ट खिलाड़ी, सबको मिलेगी सरकारी नौकरी

156 medal-winning athletes from Chhattisgarh selected as 'Outstanding Players'; all will receive government jobs. Hindi news latest news khabargali

रायपुर (खबरगली) राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले खिलाडि़यों का उत्कृष्ट बनने का वर्षों का इंतजार आखिर मंगलवार को खत्म हो गया। 30 जून को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति की बैठक हुई, जिसमें 20 खेलों के 156 खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट खिलाड़ी के लिए पात्र पाया गया है।

चयनित खिलाड़ी अब सरकारी नौकरी पाने के पात्र भी हो जाएंगे। वर्ष 2016 से प्रदेशभर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उत्कृष्ट बनने का इंतजार कर रहे थे। इसके लिए पत्रिका ने लगातार मुहिम चलाई, जिसके बाद मंगलवार को सरकार ने उत्कृष्ट खिलाडि़यों के नाम पर मुहर लगा दी।

पात्र उत्कृष्ट खिलाडि़यों के नामों की सूची सामान्य प्रशासन की ओर से जारी की जाएगी। उत्कृष्ट खिलाड़ी के लिए वर्ष 2018-19, 2019-20 मेें खेल विभाग को कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 2018-19 में 344 और 2019-20 में 439 आवेदन मिले थे। उनके छंटनी के बाद कुल 651 खिलाडि़यों के आवेदनों की स्क्रूटनी की गई और खेल विभाग ने करीब 200 नाम पात्र पाए थे। लेकिन, उच्चस्तरीय समिति ने स्क्रूटनी के बाद 20 अलग-अलग खेलों के 156 खिलाडि़यों को ही उत्कृष्ट के लिए पात्र पाया।

दो फीसदी पद विभागों में आरक्षित

उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के बाद खिलाडिय़ों को सरकार नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। प्रदेश के सभी विभागों में खाली पदों के 2 फीसदी पद उत्कृष्ट खिलाडिय़ों के लिए आरक्षित हैं। उत्कृष्ट नहीं बनने के कारण खिलाडि़यों के लिए आरक्षित पदों पर उन्हें नौकरी नहीं दी जा रही थी।

जल्द शुरू होगी नौकरी देने की प्रक्रिया

बैठक में अनुमोदित 156 खिलाडि़यों की सूची को सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इसे अधिसूचित करने के बाद खिलाडि़यों को शासकीय सेवा में लेने के लिए आवश्यक कार्यवाई प्रारंभ होगी।

Category