छत्तीसगढ़ में जहरीली शराब से 8 मौतों का आरोप, पुलिस ने कब्र खोदकर शवों को बाहर निकलवाया, ग्रामीणों में दहशत

Allegations of 8 deaths due to toxic liquor in Chhattisgarh; police exhumed the bodies, sparking panic among villagers. hindi news latest news khabargali

कसडोल (खबरगली) बलोदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना अंतर्गत ग्राम खर्वे में हुई आठ लोगों की रहस्यमय मौतों ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर इन लोगों की जान ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक की टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की और दफन किए गए शवों को कब्र से बाहर निकालकर परीक्षण प्रक्रिया पूरी की। कुछ दिन पूर्व बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि गांव के रामसाय जायसवाल ने कथित तौर पर शराब में जहर मिलाकर लोगों को पिलाई, जिससे आठ लोगों की असमय मृत्यु हो गई।

मृतकों में बद्री पटेल, बुटालु साहू, छत्तूराम साहू, बुदलू जायसवाल, विनोद साहू, गजानन मांझी, चैतु साहू और महेतरू साहू शामिल हैं। ग्रामीणों ने इसे सोची-समझी साजिश करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस हुई सक्रियशिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शनिवार को एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन की निगरानी में दफन किए गए शवों को बाहर निकाला गया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में उनका परीक्षण किया गया।

सनसनीखेज घटना से ग्रामीणों में दहशत

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल खर्वे गांव में इस सनसनीखेज घटना को लेकर दहशत का माहौल है और सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

Category