छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा का निधन, हार्ट अटैक से गई जान

Chhattisgarh Yoga Commission Chairman Rupnarayan Sinha passes away due to heart attack latest News hindi News khabargali

बिलासपुर(खबरगली) छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता रुपनारायण सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। वे बिलासपुर में भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में बतौर प्रशिक्षण प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी हालत को गंभीर बताते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। कुछ समय तक उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस खबर के सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

रूपनारायण सिन्हा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ और सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे। उन्हें जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था। योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर वे लगातार सक्रिय रहते थे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते रहे थे।

Category