
विवादास्पद पोस्टर पर दिग्विजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इंदौर/ उज्जैन (khabargali) पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इंदौर के बाद अब उज्जैन में भी उनके खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण थाने में एफआईआर दर्ज हो गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख एमएस गोलवलकर को लेकर सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्टर साझा कर विद्वेष फैलाने के आरोप में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया, हमें यह शिकायत प्राप्त हुई थी कि सिंह ने उन बातों को गोलवलकर का कथन बताते हुए इंटरनेट पर पोस्ट किया जो उन्होंने (पूर्व सर संघचालक) कभी कहीं ही नहीं थीं। इस शिकायत पर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीँ अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण थाना उज्जैन में भैरू नाला इलाके में रहने वाले राजकुमार घावरी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ एक और शिकायत दर्ज हुई है। राजकुमार घावरी ने बताया था कि वे 30 साल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सोशल मीडिया फेसबुक, टि्वटर आदि पर देखा था कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक सदाशिवराव गोलवरकर के खिलाफ भ्रामक टिप्पणी की है। टिप्पणी में दलित और मुस्लिमों को लेकर आपत्तिजनक बात लिखी हुई थी. यह टिप्पणी पूरी तरह फर्जी थी, इस प्रकार की कोई भी टिप्पणी किताब में प्रकाशित नहीं हुई थी।
- Log in to post comments