DMF घोटाले मामले में ED की दबिश, रायपुर के शाश्वत लुणावत के घर छापेमारी

ED raids in connection with the DMF scam; search conducted at the Raipur residence of Shashwat Lunawat. raipur cg hindi news ed raid khabargal

रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। सूत्रों के अनुसार  ED की टीमों ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, अंबिकापुर और महासमुंद सहित विभिन्न जिलों में करीब नौ से अधिक ठिकानों पर दबिश दी है। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े सबूतों की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

राजधानी रायपुर के वल्लभ नगर इलाके में कारोबारी शाश्वत लुणावत के निवास पर भी ED की टीम ने सुबह से ही दबिश दी। जानकारी के अनुसार पांच अधिकारियों की टीम वहां मौजूद है और कई घंटों से घर के अंदर दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि शाश्वत लुणावत प्रदेश के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से जुड़े हैं और राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में उनका कारोबार फैला हुआ है। ED की जांच केवल उनके निवास तक सीमित नहीं है, बल्कि उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई DMF फंड के उपयोग और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर की जा रही है। हालांकि ED की ओर से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। छापेमारी की खबर सामने आने के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विभिन्न स्तरों पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं और सभी की नजरें जांच के आगे बढ़ने और सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हुई हैं।

Category