गुरु रविदास की जयंती पर बीजेपी का आज से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान: जानिए मुख्य बातें

BJP's Samrasta Sankalp Abhiyan will start from today on the birth anniversary of Guru Ravidas. Lokesh Kavadia, Chairman of Chhattisgarh State Disabled Finance and Development Corporation Commission, shared the detailed outline of this ambitious campaign at the Balodabazar BJP office. Chhattisgarh, Khabargali

बलौदाबाजार भाजपा कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य निशक्तजन वित्त एवं विकास निगम आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावडिया ने इस महत्वाकांक्षी अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की

बलौदाबाजार (खबरगली ) संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा आज यानी 29 जुलाई से राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' का भव्य शुभारंभ किया जा रहा है। यह अभियान आगामी वर्ष 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच समरसता, सामाजिक न्याय और समता का संदेश घर-घर तक पहुँचाना है।

समरसता संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य और रूपरेखा

बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य निशक्तजन वित्त एवं विकास निगम आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावडिया ने इस महत्वाकांक्षी अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ पहुँच सके।

समाज सुधार और समरसता का संदेश

लोकेश कावडिया ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक वर्ग या समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने छुआछूत, जातिवाद और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आजीवन संघर्ष करते हुए समाज को समानता और आत्मसम्मान का संदेश दिया था। उनका प्रसिद्ध 'बेगमपुरा' का दर्शन आज भी भेदभावमुक्त और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना के लिए हमारा मार्गदर्शक है।

अभियान के प्रमुख चरण एवं कार्यक्रम (29 जुलाई से 20 फरवरी 2027)

यह अभियान कई चरणों में विभक्त है, जिसके तहत देश और प्रदेशभर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा:

दीपोत्सव एवं दीप प्रज्ज्वलन

अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को देश-विदेश के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव से होगी। इसके तहत 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जबकि वाराणसी के संत रविदास घाट पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे।

विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन

कार्यक्रमों के दौरान भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, धार्मिक प्रवचन और प्रसाद वितरण का भी विशेष आयोजन होगा।

कलश वंदन एवं संत संपर्क अभियान

29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान, 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रवास संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा।

धार्मिक स्थलों का विकास

संत गुरु रविदास से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास का भी इस अभियान के तहत विशेष संकल्प लिया गया है।

प्रभावी संचालन के लिए समितियों का गठन

अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर विशेष समितियों का गठन किया गया है। साथ ही, सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से बड़े पैमाने पर जनजारगरण किया जाएगा। भाजपा ने सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से इस महाअभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।

प्रेसवार्ता में प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, महामंत्री विजय यादव, जिला मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल, जिला मंत्री रितेश श्रीवास्तव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रणमय पांडेय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Category

Related Articles