इज़राइल का बड़ा हमला, लेबनान में तबाही के भयावह दृश्य, 89 मौते

Major Israeli attack, horrific scenes of devastation in Lebanon, 89 dead hindi News latest News khabargali

बेरूत (खबरगली) लेबनान की राजधानी बेरूत में इज़राइल द्वारा किए गए ताज़ा हवाई हमलों के बाद तबाही के भयावह दृश्य सामने आए हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों में अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हमलों के बाद बेरूत के कई इलाकों में इमारतें ध्वस्त हो गई हैं और मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। अस्पतालों में घायलों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है।

इज़राइल की ओर से कहा गया है कि यह कार्रवाई लेबनान में सक्रिय उग्रवादी संगठन हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर की गई। हालांकि, हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। 

विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला पश्चिम एशिया में जारी तनाव को और भड़का सकता है। कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने हिंसा रोकने और तत्काल युद्धविराम की अपील की है। स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।