कांग्रेस नेता व महासमुंद के पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर का निधन

Congress leader and former MLA of Mahasamund Agni Chandrakar passed away, Chhattisgarh, Khabargali

महासमुंद (khabargali) दिग्गज कांग्रेसी नेता एवं महासमुंद विधानसभा के 3 बार विधायक रहे अग्नि चंद्राकर का रविवार दोपहर रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। 71 वर्षीय चंद्राकर लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

सोमवार सुबह 10 बजे रायपुर से उनकी पार्थिव काया शहर के स्टेशन रोड स्थित उनके निवास पर लाई जाएगी। इसके बाद कुछ देर के लिए कांग्रेस भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी। फिर यहां से बरोंडा चौक होकर उनकी अंतिम यात्रा लभराकला पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता श्री चन्द्राकर के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया।

ऐसी रही राजनीतिक यात्रा

1985 में निर्विरोध सरपंच चुने जाने के बाद स्व. चंद्राकर ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। वर्ष 1993, 1998 और 2008 में वे विधायक रहे। कांग्रेस सरकार में वे बीज निगम के अध्यक्ष भी रहे। श्री चंद्राकर ने महासमुंद में कई उल्लेखनीय कार्य किए थे। महासमुंद की राजनीति में उन्हें पंडित श्यामाचरण शुक्ल और उसके बाद अजीत जोगी की करीबी माना जाता था।

 

Category