कुएं में कार गिरने से 9 लोगों की मौत, एक ही परिवार के 5 लोगों ने गंवाई जान

 9 people died after a car fell into a well, including 5 from the same family. hindi news latest news khabargali

नासिक (खबरगली) महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिंडोरी शहर के शिवाजी नगर में एक अनियंत्रित अर्टिगा कार पानी से भरे गहरे कुएं में गिर गई, जिससे तीन बच्चों और दो महिलाओं सहित कुल 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार एक निजी क्लास के स्नेह सम्मेलन कार्यक्रम से वापस लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार (MH15-JS-1053) मारुति सुजुकी अर्टिगा थी। बताया जा रहा है कि चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिसके कारण कार सीधे कुएं में जा गिरी।

रात के अंधेरे में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और स्थानीय नागरिकों ने भारी मशक्कत के साथ राहत कार्य शुरू किया। देर रात क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक कार में सवार सभी 9 लोग दम तोड़ चुके थे।

मृतकों में एक ही परिवार के 5 लोग शामिल

मृतकों में दरगुडे परिवार के 5 सदस्य और उनके 4 अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। मृतकों की पहचान राखी सुनील दरगोडे, श्रद्धा अनिल दरगोडे, श्रावणी अनिल दरगोडे, सुनील दत्तु दरगोडे, उषा अनिल दरगोडे, अन्य 4 रिश्तेदार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
 

Category