खाली सीटों के बाद भी शो हाउसफुल दिखाने की शिकायत पर आबकारी विभाग ने की जांच

City Center Mall Pandri, PVR, Excise Department, Kashmir File ban on screening of film, Raipur, Housefull, Khabargali

जांच में पीवीआर द्वारा टिकट ना बेचने की शिकायत पायी गयी झूठी

रायपुर (khabargali) सिटी सेंटर मॉल पंडरी में सिनेमा संचालित करने वाली संस्था पीवीआर के खिलाफ आबकारी विभाग को ये शिकायत मिली थी कि पीवीआर मूवी शो में सीटें खाली होने के बाद भी दर्शकों को टिकट नहीं दे रहा है और शो हाउसफुल का बोर्ड लगा दिया गया है। इस शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने पूरे मामले की जांच करायी है।

आबकारी विभाग द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट मे ये कहा गया है कि 11 मार्च 2022 दिन शुक्रवार को पीवीआर की बुकिंग चार्ट में 50 फीसदी क्षमता के साथ दि काश्मीर फाइल्स फिल्म को पहली बार 3 शो में प्रसारित किया गया था। इसके बाद अगले दिन 12 मार्च 2022 को शासन के आदेशानुसार कुल सीट के शत-प्रतिशत क्षमता के अनुसार फिल्म को 4 शो में टिकट विक्रय कर दिखाया गया था।

जांच अधिकारी के अनुसार रविवार को फिल्म के 09 शो तथा सोमवार को फिल्म के 08 शो को शत-प्रतिशत क्षमता के अनुसार प्रसारित किया गया। मंगलवार 15 मार्च 2022 को ये फिल्म 10 शो में दिखायी जा रही है। जांच अधिकारी के अनुसार दोपहर 3.25 बजे के शो में 267 सीटों में से 256 सीटें फुल थीं तथा सायं 5.45 बजे की शो के 176 में से सभी टिकट बिक चुके थे। जांच अधिकारी के अनुसार ये आंकड़ा पीवीआर संचालक के बुकिंग चार्ट से लिया गया है।

इसी तरह पंडरी स्थित सिटी सेंटर माल में संचालित पीवीआर ने इस संबंध में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ देवेन्द्र नगर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। पीवीआर प्रबंधन ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देते हुए कहा है कि 12 मार्च 2022 से शासन के आदेशानुसार शत-प्रतिशत क्षमता के साथ पीवीआर में फिल्मों का प्रदर्शन हो रहा है। इसमें दि काश्मीर फाइल्स भी शामिल है। पीवीआर ने अपनी शिकायत में कहा है कि दर्शकों की मांग के आधार पर पीवीआर ने फिल्म के शोज भी बढ़ा दिए हैं। पीवीआर ने लिखित शिकायत में ये कहा कि फिल्म के टिकट ना देने की बात पूरी तरह से झूठी है और फिल्म से संबंधित टिकट आनलाइन और आफलाइन बेचे जा रहे हैं।

Category

Other News