मोहला-मानपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने मोहला-मानपुर प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर दिव्यांगजनों, बच्चों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने वल्लभ नगर वार्ड में बच्चों के बीच निःशुल्क वस्त्र वितरित किए। वहीं कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला कार्यालय सभाकक्ष में दिव्यांगजनों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं सुनीं।
वल्लभ नगर वार्ड में बच्चों को वितरित किए निःशुल्क वस्त्र
मोहला प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने वल्लभ नगर वार्ड में बच्चों के बीच निःशुल्क वस्त्रों का वितरण किया। इस पहल के दौरान बच्चों के बीच उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक पंकज वर्मा, पार्षद मनोज दुबे, अल्पसंख्यक कार्य समिति के सदस्य स्वाधीन जैन, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अंकित टांटिया एवं हितेश जैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों के साथ बैठक, समस्याओं और जरूरतों पर हुई चर्चा
स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए ऋण योजनाओं की जानकारी मोहला-मानपुर प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिले के दिव्यांगजनों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं और चुनौतियों को सुना। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित
दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैठक के दौरान सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। अस्थिबाधित दिव्यांग श्री महेंद्र कुमार को बैसाखी। श्रवणबाधित दिव्यांग श्रीमती अश्विनी डोंगरे को श्रवण यंत्र। अस्थिबाधित दिव्यांग श्री मयंक नुरेटी को वॉकर। इन उपकरणों के वितरण से संबंधित हितग्राहियों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलने के साथ उनकी आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाया गया संकल्प
बैठक के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
कलेक्टर तनुजा सलाम ने किया लोकेश कावड़िया का स्वागत
दिव्यांग हितग्राहियों को दिए गए ऋण की प्रगति की समीक्षा मोहला-मानपुर कलेक्टोरेट परिसर पहुंचने पर कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर निगम के माध्यम से जिले के दिव्यांग हितग्राहियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से प्रदान किए गए ऋण की वसूली और प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई।
दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने पर चर्चा
बैठक में जिले के दिव्यांगजनों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर विशेष चर्चा की गई। दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में संभावनाओं पर विचार किया गया। बैठक में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक पंकज वर्मा और समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक अखिलेश तिवारी उपस्थित रहे।
वन निरीक्षण कुटीर में भाजपा पदाधिकारियों ने किया स्वागत
मोहला-मानपुर प्रवास के दौरान वन निरीक्षण कुटीर, मोहला में भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकेश कावड़िया का स्वागत एवं विशेष सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा संगठन के कोषाध्यक्ष राजेश जैन, भाजपा महामंत्री अनिल गुप्ता, जिला भाजयुमो अध्यक्ष पुलकित खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, जिला भाजयुमो महामंत्री मोनू वर्मा, पूर्व जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष देव प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु देशमुख, मोहला सरपंच गजेंद्र पुरामय, श्रम निरीक्षक अधिकारी प्रमोद यादव, जिला कल्याण अधिकारी वतन सिंह राजपूत सहित भाजपा परिवार के अन्य साथी मौजूद रहे।
दिव्यांग कल्याण और आत्मनिर्भरता पर रहा जोर
लोकेश कावड़िया के मोहला-मानपुर प्रवास के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान, स्वरोजगार को बढ़ावा देने, ऋण योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और दिव्यांग हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहा। साथ ही बच्चों के बीच निःशुल्क वस्त्र वितरण और नशामुक्त समाज के संकल्प के माध्यम से सामाजिक सरोकारों का संदेश भी दिया गया।
- Log in to post comments
