
इन विधायकों को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
रायपुर (khabargali) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कैबिनेट का विस्तार इसी सप्ताह हो सकता है। इसके अलावा संसदीय सचिवों की भी नियुक्ति पार्टी द्वारा कर दी जाएगी। इसके लिए 16 नए विधायकों के नामों की चर्चा है। वहीं, पार्टी में यह भी चर्चा है कि जिन दो मंत्रियों का परफार्मेंस ठीक नहीं है, उसे हटाया भी जा सकता है। दूसरी चर्चा यह भी है कि हरियाणा पैटर्न पर मंत्रियों की संख्या साय सरकार के कैबिनेट में हो सकती है।
सभी चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में तैर रही हैं। जब पत्ता खुलेगा, तभी पता चलेगा कि पार्टी क्या निर्णय ले रही है। जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन 8 तारीख की शाम रायपुर आएंगे। 9 अप्रैल को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक लेंगे। चर्चा है कि मंत्रिमंडल विस्तार पर मुहर भी इस बैठक में लगाई जाएगी और कोई बड़ा फेरबदल नहीं हुआ तो 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
सोशल मीडिया 3 नए मंत्रियों को दिला रहा शपथ
भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुप पर मैसेज चल रहा है कि साय मंत्रिमंडल का विस्तार 10 अप्रैल को होने जा रहा है। पार्टी के कई सोशल मीडिया ग्रुप में यह मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसके मुताबिक तीन नए मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। वायरल मैसेज के मुताबिक, विधानसभा उपाध्यक्ष के साथ-साथ 15 से ज्यादा संसदीय सचिवों की ताजपोशी भी होगी।
अमर अग्रवाल और गजेंद्र यादव का नाम लगभग तय
पार्टी सूत्रों की मानें तो बिलासपुर से विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल तथा दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान इन दोनों नामों पर सहमति बनी थी। माना जा रहा है कि संगठन और सरकार के बीच अंतिम बातचीत के बाद इन नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।अमर अग्रवाल पहले भी वित्त, स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं। वहीं गजेंद्र यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव के पुत्र हैं।
यादव समाज को साधने की रणनीति
भाजपा की इस रणनीति के पीछे एक बड़ा सामाजिक समीकरण भी है। पार्टी यादव समाज को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भी यादव मतदाताओं को साधा जा सके।
मंत्रियों की संख्या बढ़ सकती है?
छत्तीसगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्रियों के पद निर्धारित हैं, लेकिन सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में अटकलें लग रही हैं कि हरियाणा मॉडल अपनाते हुए 14 मंत्रियों की नियुक्ति की जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो रायपुर से विधायक पुरंदर मिश्रा, कुरूद के अजय चंद्राकर, और रायपुर पश्चिम के राजेश मूणत में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है।
निगम-मंडलों और संसदीय सचिवों की भी होगी ताजपोशी
सिर्फ मंत्रीमंडल ही नहीं, बल्कि सरकार की दूसरी इकाइयों में भी नियुक्तियाँ तय मानी जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही विधानसभा उपाध्यक्ष और एक दर्जन से ज्यादा संसदीय सचिवों की भी ताजपोशी की जाएगी। इंटरनेट मीडिया में यह मैसेज भी वायरल है कि अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
- Log in to post comments