ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री पर जानलेवा हमला: पुलिस अफसर ने ही सीने में 4-5 गोलियां दागी

Deadly attack on Odisha Health Minister Nab Das, ASI, Gopaldas, Khabargali

भुवनेश्वर (khabargali) ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर रविवार दोपहर ब्रजराजनगर में एक ASI ने फायरिंग कर दी। नब दास के सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर पहुंचे थे, जैसे ही वे कार से उतरे उन पर एक ASI गोपालदास ने उन पर फायरिंग कर दी। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है।

 जानें कौन हैं नब किशोर दास

दास को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बेहद करीबी नेता माना जाता है। इसलिए कांग्रेस से जब वे बीजू जनता दल (BJD) में आए तो पटनायक ने उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय का अहम जिम्मा सौंपा। नब किशोर दास को झारसुगुड़ा क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है। यहीं से वे लगातार तीसरी बार विधायक हैं। नब किशोर दास ने ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद 2009 में फिर उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 का चुनाव वे बीजू जनता दल से लड़कर लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए।

सबसे धनी मंत्री हैं ओडिशा के

नब किशोर ओडिशा सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं। उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा के कई बैंकों में 45.12 लाख रुपए से अधिक रकम जमा है। 15 करोड़ की कीमत के करीब 70 से अधिक वाहन है। जिसमें 1.14 करोड़ की एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है।

1 करोड़ का सोना दान कर चर्चा में आए थे

 दास हाल ही में भारी-भरकम दान कर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किए थे जो देश के प्रसिद्ध शनि मंदिरों में से एक है।

विधानसभा में पोर्न देखते पकड़े गए थे

नब किशोर दास 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी ने उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था।