राष्ट्रपति जेलेंस्की समेत 12 लाख यूक्रेनियों ने छोड़ा देश

रूस-यूक्रेन के बीच जंग , राष्ट्रपति जेलेंस्की, मिसाइल और बम, युद्ध, ख़बरगली, Russo-Ukraine War, President Zelensky, Missiles and Bombs, War, Khabargali

जंग के 9 वें दिन की पढ़ें बड़ी खबरें

कीव (khabargali) रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 9वां दिन है। रूसी सेना यूक्रेन को चारों ओर से घेर रही है। यूक्रेन के कई शहरों पर रूसी सेना ने कब्जे का दावा किया है। रूसी सैनिक यूक्रेन की धरती पर मिसाइल और बम धमाकों से कोहराम मचा रहे हैं। राजधानी कीव में रूसी सैनिकों की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इस बीच रूसी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन छोड़ दिया है और पोलैंड पहुंच गए हैं। हालांकि रूसी दावे पर अभी यूक्रेन की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इस बीच जपोरिजिया में परमाणु संयंत्र पर भी रूसी सेना ने हमला बोलकर नियंत्रण कर लिया है। यह यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र है। यूक्रेन की 25 से 30 फीसदी परमाणु ऊर्जा की इसी परमाणु संयंत्र से आपूर्ति की जाती है। उधर, रूस पर यूक्रेन में मानवाधिकारों का उल्लंघन करने के आरोपों की जांच के लिए स्वतंत्र आयोग के गठन पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में मतदान हुआ। भारत यहां भी मतदान से दूर रहा।

12 लाख यूक्रेनियों ने छोड़ा देश

यूक्रेन और रूसी सैनिकों के बीच चल रही जंग के बीच संयुक्त राष्ट्र ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। बीते एक सप्ताह में यूक्रेन से 12 लाख लोग पलायन कर चुके हैं। ये लोग यूक्रेन छोड़कर पड़ोसी देशों की शरण ले चुके हैं। इन लोगों में 50 हजार युवा हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनियों के देश छोड़ने का सिलसिला अभी भी जारी है।

आपात बैठक करेगा UNSC

रूसी सैनिकों के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले के बाद पश्चिम देशों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जानकारी मिली है कि इस गंभीर मसले पर आज यूएनएसी ने आपात बैठक बुलाई है।

रूस के खिलाफ माइक्रोसॉफ्ट ने किया बड़ा एलान

दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि वह रूस में अपने उत्पादों और सेवाओं की नई बिक्री को रद्द कर रहा है। इससे पहले नाइकी, एपल, एचएंडएम और आइकिया जैसी कई बड़ी कंपनियों ने भी यूक्रेन पर रूस के हमले के चलते इसी तरह के कदम उठाए हैं। नई बिक्री को निलंबित करने के अलावा, माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि हम अमेरिकी प्रतिबंधों के अनुपालन में रूस में अपने व्यापार के कई पहलुओं को भी रोक रहे हैं।

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने पोलैंड की सीमाओं का दौरा किया

यूक्रेन में भारतीय दूतावास की टीम ने पोलैंड की बुडोमीर्ज और शेहिनी-मेदिका सीमाओं का दौरा किया। इन बिंदुओं पर लोगों के आसान आवागमन की व्यवस्था की गई है। छात्रों को सलाह दी हई है कि रात में इन स्थलों पर इंतजार करने से बचने के लिए वह दिन के समय में ही सीमा पार करें। दूतावास ने कहा कि किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में पास के बॉर्डर गार्ड से तुरंत संपर्क करें। सभी चेकपोस्ट पर मदद के लिए एंबुलेंस तैयार हैं।

दुनिया की इन बड़ी कंपनियों ने समेटा अपना कारोबार

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग का असर इकोनॉमी पर भी देखने को मिल रहा है। Apple, Google सहित कई कंपनियों ने रूस में अपने कारोबार को सीमित करने को लेकर कई तरह के ऐलान किए हैं। फेसबुक की पैरेंट कंपनी , , Disney, Boing, BP, General Motors, फॉक्सवैगन, Master Card, Ikea, डियाजियो, वॉल्वो, डायमलर और रेनॉ जैसी कंपनियां शामिल हैं।

3000 अंक गिर चुका है सेंसेक्स

यूक्रेन के न्यूक्लियर प्लांट में आग लगने की खबर से शुक्रवार को स्टॉक मार्केट्स में बड़ी गिरावट आई। इससे इंडियन इनवेस्टर्स के 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए। यूक्रेन पर रूस के हमले ने स्टॉक मार्केट्स को डरा दिया है। रूस ने 24 फरवरी की सुबह (भारतीय समय के अनुसार) यूक्रेन पर हमला कर दिया था। आज हमले का 9वां दिन है। 24 फरवरी से अब तक सेंसेक्स (Sensex) करीब 3000 अंक गिर चुका है। इस दौरान निफ्टी (Nifty) 818 अंक लुढ़का है।