'संविधान सिर्फ कानूनी ग्रंथ नहीं, सामाजिक न्याय की आधारशिला', वैचारिक समागम में जुटे दिग्गज, पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ
रायपुर (खबरगली ) बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 'स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन छत्तीसगढ़' (IJU संबद्ध) द्वारा एक गरिमामय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। "संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता" विषय पर केंद्रित इस कार्यक्रम में प्रबुद्ध वक्ताओं ने वर्तमान दौर में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और मीडिया की जवाबदेही पर गंभीर चर्चा की।
संविधान: सामाजिक न्याय का मार्गदर्शक
मुख्य वक्ता एस.के. पासवान ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता की आधारशिला है। उन्होंने जोर दिया कि जब तक हर नागरिक संविधान के मूल्यों को आत्मसात नहीं करेगा, तब तक लोकतंत्र पूर्ण रूप से मजबूत नहीं हो सकता।
लोकतंत्र और मीडिया की चुनौती
पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. सुशील त्रिवेदी ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर जागरूकता और भागीदारी की प्रक्रिया है। उन्होंने वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता बनाए रखने में मीडिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
ग्रामीण पत्रकारिता और वंचितों की आवाज
पत्रकार मनजीत कौर ने ग्रामीण पत्रकारिता के संघर्षों और उसकी आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हाशिए पर खड़े लोगों की समस्याओं को मुख्यधारा में लाना ही पत्रकारिता का असली धर्म है। वहीं, डॉ. नंदन ने बाबा साहेब के समतामूलक समाज के सपने को आज के दौर में और भी प्रासंगिक बताया।
सांस्कृतिक शुरुआत और शपथ ग्रहण
कार्यक्रम का शुभारंभ नन्ही अरुणिमा शर्मा के मधुर गीतों के साथ हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने समाज में वैचारिक चेतना जगाने के लिए ऐसे आयोजनों की सराहना की।
संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे
कार्यक्रम संगठन के संरक्षक दिवाकर मुक्तिबोध की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य (आईजेयू) दिलीप कुमार साहू, विनीता मंडल, प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ, उपाध्यक्ष अजीत कुमार शर्मा, रेणु तिवारी “नंदी”, कृष्णा गोस्वामी, कोषाध्यक्ष शुभम वर्मा, उपकोषाध्यक्ष सैयद सलमा, संयुक्त सचिव रूमा सेन गुप्ता, संतोष राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी जयदास मानिकपुरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र कुमार शर्मा, घनश्याम गुप्ता, शिवशंकर पांडे, जितेंद्र साहू, हरिमोहन तिवारी, संस्कार तम्बोली सहित जिला पदाधिकारियों में अमित बाघ, लविंदर पाल सिंघोत्रा, सुधीर वर्मा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
- Log in to post comments