रायपुर (खबरगली) लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं और विमानन अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े महत्त्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान अग्रवाल ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा देने और बिलासपुर के बिलासा देवी केवट हवाईअड्डे के उन्नयन के लिए 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग करते हुए मंत्री को एक पत्र सौंपा। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है, ऐसे में मजबूत और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि रायपुर का स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डा छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्त्वपूर्ण केंद्र है। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद जैसे शहरों के माध्यम से जाना पड़ता है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि रायपुर हवाई अड्डे को शीघ्र अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए और रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया को गति दी जाए।
- Log in to post comments