रायपुर में 3 दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव, 200 से अधिक किस्मों का होगा प्रदर्शन

3-day National Mango Festival in Raipur, more than 200 varieties will be displayed latest News big news hindi News khabargli

रायपुर (Khabargali)  कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में 6 से 8 जून तक तीन दिवसीय फलों के राजा आम के राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी और प्रक्षेत्र वानिकी और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। प्रकृति की ओर सोसायटी ने महोत्सव के दौरान आम की पांच गुठलिया लाने वाले व्यक्तियों को एक उन्नत किस्म के आम का पौधा देने की घोषणा की है। राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 200 से अधिक किस्मों और आम से बने 56 व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर आम से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिता भी आयोजित है। आम की सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं तथा अन्य सामान्यजन भी पंजीयन कर भागीदारी कर सकते हैं। इस महोत्सव में पंजीयन एवं प्रवेश पूर्णतया निशुल्क है। राष्ट्रीय आम महोत्सव में संस्थागत एवं व्यक्तिगत प्रतियोगी भी सहभागी हो सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभागी न्यूनतम 5 से 10 आम प्रति किस्म के साथ भाग ले सकते हैं।

प्रतियोगिता का भी आयोजन

आम महोत्सव के दौरान किसानों द्वारा उत्पादित आम की व्यावसायिक किस्मों दशहरी, लंगडा, बाबे ग्रीन, चौसाए मालदा, हिमसागर, सुन्दरजा, केसर, अलफान्सो, तोतापरी, नीलम बैगनफल्ली, पैरी, सिन्दूरी, फज़ली किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। संकर किस्मों की प्रतियोगिता के अंतर्गत मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरूणिमा, अबिका, रत्ना, सिंधु, अर्का पुनीत किस्मों को शामिल किया गया है।

विशिष्ट किस्मों की प्रतियोगिता के अंतर्गत हाथीझुल, नूरजंहा, लड्डु, गुलाब खास किस्मों के उत्पादक भाग ले सकते हैं। आयातित किस्म की प्रतियोगिता में मियाजाकी, टॉमी एटकिन्स एवं गोल्डन नगेट्स किस्मों को शमिल किया गया है।

6 को दोपहर 12 बजे तक पंजीयन

आयोजन के प्रथम दिवस 6 जून को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा।

Category