रायपुर में ओवरब्रिज पर मजदूरों को कुचलकर भागा वाहन, 2 की मौके पर ही मौत

Vehicle runs over laborers on an overbridge in Raipur and flees 2 die on the spot latest News hindi News khabargali

रायपुर (खबरगली) रायपुर में तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के सेरीखेड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर हुए इस हादसे में राजस्थान निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर घायल है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे मजदूर 

पुलिस के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे की है। ग्राम सेरीखेड़ी में रेलवे ओवरब्रिज के उतार पर एनएच-53 के बीच बने सीमेंट के डिवाइडर पर पेंटिंग का काम चल रहा था। इस काम में कपिल सैनी उर्फ गोलू (24), पिंटू माली (45) और थनवा सहित अन्य मजदूर लगे हुए थे। 

सड़क के बीचों बीच पेंटिंग कर रहे थे मजदूर 

सडक पर काम के दौरान सुरक्षा के लिए स्टापर लगाए गए थे। मजदूर सड़क के बीचों बीच डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे। इसी दौरान आरंग की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक अज्ञात वाहन स्टापर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों मजदूर घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले थे दोनों मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले कपिल सैनी उर्फ गोलू और पिंटू माली राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के श्यारोली क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों मजदूरी के सिलसिले में रायपुर आए थे। एक ही हादसे में दो मजदूरों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Category