रायपुर-रतनपुर हाईवे पर देर रात दो बजे दर्दनाक हादसा, ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 की मौत, 1 गंभीर

Tragic accident at 2 am on Raipur-Ratanpur highway, trailer hits Scorpio, 4 dead, 1 seriously injured bilaspur chhattisgarh khabargali

बिलासपुर (खबरगली) बिलासपुर के सकरी क्षेत्र अंतर्गत संबलपुरी के पास गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा। जिसके चलते सामने से आ रही स्कॉर्पियो  सीधे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गैस कटर से गाड़ी काटकर शव निकाले गए। हादसे के बाद ट्रेलर हाइवे पर पलट गया, जिससे यातायात बाधित भी हो गया।

पुलिस के अनुसार, उसलापुर निवासी एक व्यक्ति की शादी की 25वीं सालगिरह पर संबलपुरी स्थित एक ढाबे में पार्टी रखी गई थी। कार्यक्रम में शामिल होकर छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुआं तखतपुर, विशाल लहरे (25) निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव, अनमोल लहरे (14) निवासी बिरगहनी जरहागांव, सोनू मिरी (28) निवासी कोटा और प्रकाश रात्रे निवासी भिलाई, भोजन के बाद रात करीब दो बजे स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 एम क्यू 4220 से घर लौट रहे थे। यादव ढाबा के पास पहुंचते ही रतनपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बी डी 9044 अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए उनकी लेन में आ गया, जिससे दोनों वाहनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। जिससे छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे, सोनू मिरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, प्रकाश रात्रे को गंभीर चोटें आई हैं। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

सीसीटीवी में कैद हादसा, चालक हिरासत में

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें यह दिख रहा कि एक अज्ञात ट्रेलर ओव्हरटेक कर रहा था, जिसके चलते यह ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। फिर ट्रेलर रॉन्ग साइड में आ गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक का कहना है कि ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

Category