रायपुर (खबरगली) नौकरी के बहाने विदेश बुलाने पर जबरदस्ती दूसरा काम कराने का मामला सामने आया है। इसी साजिश के तहत दो युवकों को रूस बुलाने का मामला सामने आया है। परिजन लगातार नेताओं, अफसरों से मिलकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन इसमें अब तक कार्रवाई नहीं हुई। रायपुर में खमतराई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच का आश्वासन दिया है।
परिजनों का आरोप है कि सितंबर-अक्टूबर में मार्केटिंग और स्टोर से संबंधित काम के लिए इंटरव्यू के नाम पर युवकों को रूस बुलाया गया। वहां सेना में भर्ती होकर काम करने के लिए दबाव बनाया गया। इससे इनकार करने पर ड्रग्स के केस फंसा दिया गया है। डेढ़ महीने से परिजनों को दोनों देशों के दूतावास से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
रिटायर पुलिस कर्मी का बेटा भी फंसा
खमतराई इलाके के रिटायर पुलिसकर्मी का बेटा टिकेश्वर साहू भी रूस में फंस गया है। उनके रिश्तेदारों का कहना है कि रशिया या भारतीय दूतावास में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। 8 सितंबर को उन्हें पर्यटक वीजा पर रूस भेजा गया था। इसी तरह बिलासपुर के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे के परिजनों ने बुधवार को मंत्रालय में सीएम के अलावा डीजीपी समेत अन्य मंत्रियों को ज्ञापन-शिकायत देकर मदद मांगी है। विनीत की छोटी बहन ने कहा कि विनीत को रूस बुलाया गया और ड्रग्स केस में आरोपी बनाया गया।
- Log in to post comments
