रूसी हमले से यूक्रेन के 50 सैनिकों-10 आम लोगों की मौत, राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले- झुकेंगे नहीं

Russian attack, Ukraine, war, India, market impact, warship, soldiers killed, Putin, President Zelensky, Khabargali

छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने की कवायद जारी, भारत पर पड़ेगा बुरा असर

मास्को/कीव/वाशिंगटन (khabargali) राष्ट्रपति पुतिन द्वारा सैन्य कार्रवाई के आदेश के बाद रूस ने यूक्रेन पर ताबड़तोड़ मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं। रूस और भी ज्यादा हमलावर होता जा रहा है। रूस के हमले में 50 यूक्रेनी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। दर्जनभर से ज्यादा सैनिक घायल भी हुए हैं। इस हमले में अब तक 10 आम लोगों की मौत हो गई है। वहीं ताजा जानकारी के अनुसार रूस ने यूक्रेन के दो गांवों पर भी कब्जा कर लिया है। रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव में 12 धमाके किए गए हैं। सब तरफ़ धुँआ ही धुंआ दिख रहा है।

Russian attack, Ukraine, war, India, market impact, warship, soldiers killed, Putin, President Zelensky, Khabargali

यूक्रेन का दावा

यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि उसने लुहान्स्क क्षेत्र में पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलीकॉप्टर को मार गिराया गया है। रूस की सेना ने जानकारी दी है कि उसने यूक्रेन के सैन्य और हवाई अड्डों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया है। यह भी दावा किया गया कि उसने दो रूसी सैनिक को अपने कब्जे में रखा है। रूसी हमले के बीच यूक्रेन में 'मार्शल' लॉ का एलान कर दिया गया है।

हमले के बाद नाटो ने जारी किया बयान

नाटो गठबंधन के देशों ने यूक्रेन के साथ मजबूती से खड़े होने की बात कही है। हालांकि, फिलहाल उसकी तरफ से कोई सैन्य कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है। नाटो ने कहा है कि वह रूस से सीमा साझा करने वाले गठबंधन में शामिल देशों की रक्षा के लिए कदम उठा रहा है और जमीन, हवाई और जल क्षेत्र में अतिरिक्त मदद भेज रहा है। कल नाटो की बैठक होगी।

मुश्किल हालात में भारतीय दूतावास 24 घंटे कर रहा काम

रूस के हमले के बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारतीय दूतावास ने कोशिशें तेज कर दी हैं। कीव में भारतीय राजदूत पार्थ सतपति की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हम इन मुश्किल हालात में भी मिशन मोड में काम कर रहे हैं। इस बीच रूस-यूक्रेन युद्ध को कैसे रोका जाए, इसे लेकर यूरोपीय संघ के उच्चायुक्त ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की।

यूक्रेन ने रूस से राजनयिक संबंध खत्म किए

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडाइमिर जेलेंस्की ने एलान किया है कि वे रूस से सारे राजनयिक संबंध तोड़ रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने एलान किया कि वे रूस के आगे सरेंडर नहीं करेंगे और जो कोई भी देश की रक्षा के लिए आगे आना चाहता है, उसे हथियार मुहैया कराएंगे।

हम रूस के सामने नहीं झुकेंगे : यूक्रेन के राष्ट्रपति

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडाइमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले हम उसके सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम रूस के हर हमले का करारा जवाब देंगे।

पीएम मोदी करेंगे आपात बैठक

इन सब के बीच यूक्रेन के राजदूत ने पीएम नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की गुजारिश की है। यूक्रेन के राजदूत ने कहा कि भारत के संबंध रूस से अच्छे हैं इसलिए पीएम मोदी से गुजारिश है कि वे रूस के साथ बात कर इस तबाही को रोक दें। पीएम मोदी जल्द ही एक आपात बैठक करने वाले हैं।

बीच रास्ते से दिल्ली लौटी एयरइंडिया की फ्लाइट

यूक्रेन द्वारा देश के भीतर नागरिक विमानों की उड़ानों को प्रतिबंधित करने के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौट गई। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा है कि विदेश मंत्रालय यूक्रेन से छात्रों सहित लगभग 18,000 भारतीयों को वापस लाने के लिए कदम उठा रहा है। यूक्रेन में हवाई क्षेत्र बंद है इसलिए भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। केंद्र सरकार सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

भारत पर बुरा असर

कई विशेषज्ञों का कहना है कि ये युद्ध एक नए वर्ल्ड ऑर्डर की ओर हमें ले जा रहा है। इसके कई खतरनाक परिणाम विश्व को भुगतने पड़ सकते हैं। आज की इस वैश्विक दुनिया में हर देश दूसरे देश से परस्पर रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस युद्ध का व्यापक प्रभाव भारत पर पड़ेगा। रूस यूक्रेन युद्ध भारत की राजनीतिक, सामरिक और आर्थिक स्थिति को बड़े स्तर पर प्रभावित करने वाला है। इस युद्व से पूरी दुनिया के बाज़ार पर इसका इसका असर पड़ने वाला है। भारतीय शेयर बाजार पर भी असर हुआ है और गुरुवार को बाजार खुलने के साथ ही धराशायी हो गया। कुछ ही मिनट के भीतर ही निवेशकों को लगभग आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।