
दिसपुर (असम)/ khabargali
एक हफ़्ते से ज़्यादा का समय हो गया है, वीभत्स और दुखदाई श्रद्धा मर्डर केस देश की हर चर्चा का हिस्सा है। लगातार केस में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच ये केस आया है। प्रेम और साथ की मिसाल वाली ये कहानी सोशल मीडिया पर अपनी जगह बना रही है। इस प्रेमी ने सच्चे प्रेम की नई मिसाल पेश की है। इस शख्स को अपनी प्रेमिका से इतना प्यार है कि उसके मौत को गले लगाने के बावजूद उसका प्यार कम नहीं हुआ। इतना ही नहीं उसने अपनी मृत प्रेमिका से शादी रचाकर अपने प्यार को हमेशा हमेशा के लिए अमर कर लिया। मामला है असम के राहा गांव का। यहां लाइलाज बीमारी के चलते 18 नवंबर को प्रार्थना नामक लड़की की मृत्यु हो गई थी। प्रेमी बिटुपन तमुली ने निर्णय लिया कि वह अपनी मृत प्रेमिका से शादी करेगा। उसकी आखिरी इच्छा भी पूरी करेगा। बस फिर क्या था प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के अंतिम संस्कार में उससे शादी कर ली। इस दौरान शादी की सभी रस्मों निभाई है।

बिटुपन नाम के उसके प्रेमी के अल्फाज थे कि अब कभी शादी नहीं करूंगा। उसने अंतिम संस्कार से पहले उसके शव को दुल्हन की तरह सजाया। फिर उसकी मांग भरी और वरमाला पहनाई। यही नहीं, वह रोते-रोते उसके शव के साथ लेट भी गया। यह भावुक नजारा देख हर किसी की आंखें नम हो गई। ऐसे सीन फ़िल्मों में दिखाई देते हैं। लेकिन असम के राहा शहर ने इस दृश्य को अपनी आंखों से देखा। ज्यादातर मौकों पर दुख बहुत निजी होता है, लेकिन ये दुख सबका था। सबके सामने था। हर संस्कृति और धर्म में दुख की सार्वजनिक अभिव्यक्ति के लिए अलग-अलग तौर तरीक़े होते हैं। बिटुपन ने जो किया, वैसी कोई प्रथा नहीं होगी, लेकिन प्रेम अपने तरीक़े ख़ुद बनाता है। प्रेमी बिटुपन तमुली ने यह पूरी घटना अपने सोशल मीडिया पर भी साझा की है। उनकी यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर बड़ी वायरल हो रही है। हर कोई उनके इस सच्चे प्रेम की तारीफ कर रहा है।
- Log in to post comments