रायपुर (खबरगली )राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. ग्राउंड में इस वर्ष संकल्प नवरात्रि एवं रास गरबा उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। उत्सव की तैयारियों का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन कर किया गया। आयोजन समिति के संयोजक एवं छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में नवरात्रि उत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
भूमिपूजन के साथ नवरात्रि उत्सव की तैयारियां शुरू
बी.टी.आई. ग्राउंड में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूजा-अर्चना के बाद आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। भूमिपूजन के साथ ही संकल्प नवरात्रि एवं रास गरबा उत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया। समिति द्वारा आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर समिति की टीम सक्रिय हो गई है।
मां दुर्गा की आराधना के साथ होगा रास गरबा
श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह का होगा संगम संकल्प नवरात्रि एवं रास गरबा उत्सव में मां दुर्गा की आराधना के साथ पारंपरिक रास गरबा का आयोजन किया जाएगा। समिति का उद्देश्य नवरात्रि के धार्मिक महत्व के साथ भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को भी उत्सव के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना है। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों में उत्साह है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।
संजय श्रीवास्तव ने कहा- नवरात्रि आस्था और शक्ति का महापर्व
समिति के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने कहा कि नवरात्रि हमारी सनातन संस्कृति और आस्था का महापर्व है। मां दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है। वहीं रास गरबा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्सव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संकल्प नवरात्रि एवं रास गरबा उत्सव समिति का प्रयास है कि शंकर नगर में ऐसा आयोजन किया जाए, जिसमें श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिले।
भव्य और व्यवस्थित आयोजन की तैयारी
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि भूमिपूजन के साथ आयोजन की शुरुआत हो चुकी है। समिति की पूरी टीम मिलकर नवरात्रि एवं रास गरबा उत्सव को गरिमापूर्ण, भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए कार्य करेगी। यह उत्सव क्षेत्रवासियों सहित राजधानी रायपुर के लोगों के लिए मां भगवती की भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर बनेगा।
गरबा प्रेमियों से शामिल होने का आह्वान
समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं गरबा प्रेमियों से आगामी नवरात्रि उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है। समिति ने लोगों से मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनिता खंडेलवाल, संगीता मिश्रा, पुष्पा जैन, सुनीला अग्रवाल, राजेश गुप्ता, अमरजीत सिंह, मिलिन गौतम, कोमल जैन, राखी साह और श्रुति जैन सहित समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- Log in to post comments
