उप्र, झारखंड और हरियाणा में भी धार्मिक तनाव के चलते हिंसक टकराव

Violent clashes due to religious tension in UP, Jharkhand and Haryana too, khabargali

नई दिल्ली (khabargali) रामनवमी के बाद धार्मिक तनाव से कई राज्य प्रभावित हो रहे हैं। आज भी कई राज्यों से दो समूहों के बीच पथराव और आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।

जमशेदपुर में धार्मिक झंडे के अपमान को लेकर तनाव जारी

झारखंड में जमशेदपुर के शास्त्रीनगर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर दो समूहों के बीच पथराव और आगजनी की घटना के बाद दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गयी है। रविवार शाम को हिंसक भीड़ ने दो दुकानों और एक ऑटो-रिक्शा को आग लगा दी थी, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इलाके में शनिवार रात से ही तनाव व्याप्त था जब एक स्थानीय संगठन के सदस्यों ने रामनवमी के झंडे पर मांस का एक टुकड़ा लगा हुआ देखा था। रविवार शाम को स्थिति तब हिंसक हो गई जब एक दुकान में आग लगा दी गई। उसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।

सोनीपत में धार्मिक स्थल में घुसे हथियारबंद युवक, की तोड़फोड़

इधर सोनीपत में समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल में घुसने का यह 10 दिन में दूसरा मामला सामने आया। सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव सांदल कलां में देर रात समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल में घुसकर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ भी की गई। हमले में नौ लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गांव के युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों के जमा होने पर हमलावर धमकी देकर भाग निकले। गांव में धार्मिक स्थल के बाहर पुलिस को तैनात किया गया है। । इससे पहले 30 मार्च को भी धर्म विशेष के युवकों ने समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल में घुसकर वहां पर धार्मिक झंडा फहरा दिया था।

मेरठ के गांव में हत्या से भड़का आक्रोश -

मेरठ से सटे हस्तिनापुर गांव में रविवार शाम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि शाम करीब 5:30 बजे गांव में मौजूद प्राइमरी विद्यालय की दीवार पर युवक बैठा हुआ था। दो बाइक सवारों ने पीछे से आकर युवक पर एक के बाद एक कई फायर झोंक दिए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। बाद में विशू की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद मृतक विशू का शव जैसे ही गांव में पहुंचा तो आक्रोशित भीड़ ने संप्रदाय विशेष के आरोपियों के कई घरों में पथराव और आगजनी कर दी। आग ने भीषण रूप धारण कर लिया, जिसमें काफी नुकसान हुआ है। आरोपियों के खेतों में भी आग लगा दी गई। उधर, गांव में भारी पुलिस बल तैनात है, क्षेत्र में कफ्र्यू जैसे हालात बने हुए हैं।