भाजपा नेता ने थार से कार को मारी टक्कर, पूर्व सरपंच समेत बेटे की मौत

 BJP leader rams car with Thar, former sarpanch and son killed hindi News big news khabargali

खंडवा (खबरगली)  मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में थार सवार भाजपा नेता की दादागीरी का मामला सामने आया है, यहां मूंदी थाना क्षेत्र में कनूद के पास तेज रफ्तार थार ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार पलटते हुए रोड के नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार में बैठी जलवा बुजुर्ग ग्राम की पूर्व सरपंच कुसुम पति राजेंद्र राठौर (58) और उनके बेटे सौरभ (28) की मौत हो गई। जबकि बेची सारिका (25), बेटे रविंद्र (32), और रिश्तेदार रवींद्र पिता दिनेश (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों का आरोप 'हादसा नहीं हत्या'

थार सनावद का भाजपा नेता लवकुश राठौर चला रहा था। लवकुश के खिलाफ पहले पूर्व सरपंच के परिजनों ने थाने में शिकायत की थी। उन्होंने लवकुश पर आरोप लगाय था कि वह उनकी बेटी की शादी में रुकावट डाल रहा है। अब इस घटना को परिजन हादसा नहीं बल्कि हत्या बता रहे हैं।

आरोपी हिरासत में पूछताछ जारी

घटना के बाद थार चालक लवकुश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लवकुश भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है। उसका मुरुम का व्यापार है।

बहन के पीछे पड़ा था लवकुश

सारिका के चचेरे भाई लक्की के मुताबिक बहन की शादी ठीकरी में तय हुई है। आने वाली 5 मई को उसकी शादी होने वाली है। लवकुश बहन के पीछे पड़ा हुआ है। वह उनकी शादी में अड़ंगा लगा रहा था। दो दिन पहले भी घर आकर धमका रहा था कि दूसरी जगह शादी नहीं होने दूंगा। जिसकी शिकायत मूंदी थाने में की गई थी। पुलिस ने बयान के लिए बुलाया था। 

इसलिए ताई, बहन सारिका और भाई सौरभ, रवींद्र भैया के साले रवींद्र पिता दिनेश निवासी देशगांव कार में बैठकर थाने जा रहे थे। कार सौरभ चला रहे थे। उसका कहना है कि केनूद रोड पर पहुंचे ही थे कि लवकुश सामने से थार लेकर आया। उसने कार को टक्कर मारी। फिर रिवर्स ली और दो बार टक्कर मारकर कार को रोड के नीचे गड्ढे में गिरा दिया। उसके बाद वह मौके से थार से ही भाग निकला।

एक दिन पहले ही खरीदी थी नई कार

पुलिस के मुताबिक परिजनों का कहना है कि कार रवींद्र के साले रवींद्र पिता दिनेश की थी। उन्होंने घटना से एक दिन पहले ही कार शोरूम से निकलवाई थी। रवींद्र के परिजनों ने बताया कि जीजी और उनका परिवार घर आया।

उन्होंने कहा कि कार चाहिए, हम आधे घंटे में आते हैं। उसके बाद फिर हम सभी सिंगाजी के दर्शन करने चलेंगे। इधर परिवार तैयार हो रहा था, इस बीच खबर आई कि कार को थार ने टक्कर मार कर उसके परखच्चे उड़ा दिए। घर में सारिका की शादी की तैयारियां चल रही थीं।

Category