रायपुर (खबरगली ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर 2026 और जनप्रतिनिधि के रूप में उनके 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिला संगठन द्वारा पूरे जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत स्वच्छता, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, फल वितरण, भंडारा, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई एवं माल्यार्पण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के लिए सत्ता नहीं बल्कि सेवा का माध्यम है। इसी भावना के साथ पूरे एक महीने तक विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
17 सितंबर को रायपुर में होंगे कई सेवा कार्यक्रम
अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को रायपुर नगर निगम और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में सुबह 7 बजे स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे शहर के प्रमुख स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे भाजपा युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं मेकाहारा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण तथा डीकेएस अस्पताल में भंडारा कार्यक्रम भी रखा गया है।
रायपुर के प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें तेलीबांधा तालाब, खारून नदी महादेव घाट, भारत माता चौक, अंबेडकर प्रतिमा स्थल, गायत्री प्रज्ञापीठ, बिरगांव और भारत सेवा आश्रम सहित विभिन्न स्थान शामिल हैं। तेलीबांधा तालाब में शाम 7 बजे दीप उत्सव का आयोजन होगा। वहीं स्वामी विवेकानंद सरोवर (बूढ़ा तालाब) के चारों दिशाओं में भी आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
1479 बूथों पर होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
भाजपा रायपुर शहर जिला संगठन के अनुसार जिले के 1479 बूथों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ेंगे।
महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई और माल्यार्पण
रायपुर शहर के प्रमुख 51 स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, स्वच्छता और माल्यार्पण किया जाएगा। यह कार्यक्रम नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
अलग-अलग मोर्चों को दी गई जिम्मेदारी
सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भाजपा के अलग-अलग मोर्चों और पदाधिकारियों को सौंपी गई है। महिला मोर्चा खारून नदी महादेव घाट में कार्यक्रम करेगा, किसान मोर्चा भारत माता चौक में, अनुसूचित जाति मोर्चा अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर और जनजाति मोर्चा गायत्री प्रज्ञापीठ में कार्यक्रम आयोजित करेगा। ओबीसी मोर्चा बिरगांव में 51 हजार दीपों का कार्यक्रम करेगा, जबकि अल्पसंख्यक मोर्चा वीआईपी रोड स्थित भारत सेवा आश्रम में 51 हजार दीपों का कार्यक्रम आयोजित करेगा।
16 कार्यक्रमों के लिए बनाए गए अलग-अलग संयोजक
भाजपा के अनुसार पूरे जिले में 16 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग संयोजक नियुक्त किए गए हैं, ताकि कार्यक्रमों का संचालन निर्धारित समय, अनुशासन और व्यवस्थित तरीके से हो सके। इन कार्यक्रमों में भाजपा के जनप्रतिनिधि, महापौर, विधायक और मंत्री भी शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों में अभियान को लेकर उत्साह बताया गया है।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की तैयारी पूरी
भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और जनप्रतिनिधि के रूप में उनके 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कार्यकर्ता सेवा गतिविधियों के माध्यम से अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रमों को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। भाजपा रायपुर के मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
- Log in to post comments
