भिलाई में भीषण आग, लगातार फटे 55 से अधिक ड्रम, दो टैंकर जलकर खाक

 Massive fire in Bhilai; over 55 drums exploded in succession, two tankers reduced to ashes bhilai hindi news latest news khabargali

भिलाई (खबरगली)  औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित श्रीश्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रखे अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल के कारण आग बहुत तेजी से फैली, जिसकी चपेट में आकर 55 से अधिक ड्रम और दो टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग के बाद आसमान में उठता काले धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा था। इस खौफनाक मंजर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के समय फैक्ट्री में केमिकल से भरे 50 से अधिक ड्रम रखे हुए थे। 

एक-एक कर फटने लगे ड्रम 

आग की तेज गर्मी और लपटों के कारण ये ड्रम एक-एक कर फटने लगे, जिससे लगातार तेज धमाकों की आवाजें आती रहीं। देखते ही देखते पास खड़े दो टैंकर भी आग की ज़द में आ गए। केमिकल व ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी की वजह से आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि हादसा होते ही फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूर समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, हालांकि कुछ मजदूरों के मामूली रूप से घायल होने की आशंका जताई गई है।

12 दमकल गाड़ियों ने 6 घंटे में पाया काबू

आग की भयावहता को देखते हुए नगर सेना, भिलाई स्टील प्लांट, जेके लक्ष्मी और रायपुर की दमकल टीमों सहित कुल 12 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा दुर्ग एसडीआरएफ की टीम 15 डिब्बे फोम लेकर पहुंची। आग बुझाने के दौरान जब फैक्ट्री का फोम खत्म हो गया, तो सीआईएसएफ ने भी अतिरिक्त फोम उपलब्ध कराया। लगभग छह घंटे की भारी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

फैक्ट्री मालिक कमल सेन ने बताया कि सुबह सामान्य दिनों की तरह काम चल रहा था। उनके फैक्ट्री पहुंचने के कुछ ही देर बाद संभवतः शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली और आग लग गई। इस अग्निकांड में फैक्ट्री का बाय-प्रोडक्ट, दो टैंकर और 55 से अधिक ड्रम पूरी तरह जल गए। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर करीब 2.5 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान जताया है, जबकि वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गौरतलब है कि इस फैक्ट्री में नेफ्थलीन से कपड़ों को कीड़ों से बचाने वाली गोलियां बनाई जाती हैं। ज्वलनशील केमिकल होने की वजह से ही आग ने इतना भयानक रूप ले लिया था।

Category