रायपुर (खबरगली) प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। अब 21 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्से और उससे लगे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार सक्रिय है।
22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदलने की संभावना
इसके 21 सितंबर को अवदाब और 22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंच सकता है। पिछले 24 घंटों में छिंदगढ़ में सर्वाधिक 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 सेमी, जबकि नांगर और सुकमा में 5-5 सेमी बारिश हुई।
रायपुर में 2 सेमी बारिश दर्ज
रायपुर शहर में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अगले दो दिनों में भी अधिकांश स्थानों पर बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा वज्रपात की संभावना है। रायपुर में 21 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। तापमान 33 और 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
माना एयरपोर्ट- 32.4-22.9
बिलासपुर-33.2-25.2
पेंड्रारोड-31.4-20.4
अंबिकापुर-31.8-22.5
जगदलपुर-31.1-21.6
- Log in to post comments
