रायपुर (खबरगली) तेलीबांधा इलाके में आईफोन शोरूम में हुई चोरी का पुलिस को कोई ठोस क्लू नहीं मिल पाया है। चोरी के पीछे बिहार के चोर गिरोह पर शक जताया जा रहा है। यह गिरोह मोबाइल व इलेक्ट्रानिक सामान ही चोरी करता है। रायपुर में पहले भी चोरियां कर चुका है। उल्लेखनीय है कि मरीन ड्राइव के पास िस्थत आईनेस्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के शोरूम में शनिवार-रविवार की रात चोरों ने 1 करोड़ 85 लाख 12 हजार 718.50 रुपए के आईफोन, 1 लाख 42 हजार 788.07 की तीन स्मार्ट वॉच, 2 लाख 42 हजार 436.05 के 16 हेडफोन, 5000 रुपए का डीवीआर सहित कुल 1 करोड़ 88 लाख 97 हजार 942 रुपए का माल ले भागे।
रायपुर में दो बार चोरी कर चुका है गिरोह
बिहार का शातिर घोड़ासहन गिरोह मोबाइल शोरूम में चोरी करता है। इसमें तीन-चार लोग शामिल रहते हैं। पहले शोरूम के सामने सोते हैं। इसके बाद चादर को सामने करके रॉड से शटर के किसी एक हिस्से को ऊपर उठाते हैं। इसके बाद महंगे मोबाइल व अन्य सामान चुराकर फरार हो जाते हैं। यह गिरोह रायपुर में दो बड़ी वारदात कर चुका है। कुछ साल पहले कचहरी चौक के सैमसंग मोबाइल के शोरूम में चोरी की थी। जिनका अब तक सुराग नहीं मिला है। इसके करीब साल भर बाद गोलबाजार के एक शोरूम में चोरी की थी। अब उसी पैटर्न पर आईनेक्स्ट शोरूम में चोरी हुई है।
नेपाल में बेच देेते हैं मोबाइल
घटना को अंजाम देने के बाद अपने घर में नहीं जाते हैं। सीधे नेपाल जाते हैं। वहां चोरी के मोबाइल व अन्य सामान को बेच देते हैं। पहले की दो चोरियों में भी मोबाइल को नेपाल में बेचने का खुलासा हुआ था।
- Log in to post comments
